उदयपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शोभागपुरा में दो दिवसीय STEM प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के 40 से अधिक विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं नवाचार से संबंधित विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण, 300 से अधिक विद्यार्थी तथा अनेक अतिथियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए तथा आगंतुकों को उनके कार्य करने की प्रक्रिया और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों के आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण ने सभी को प्रभावित किया।
मीडिया समन्वयक प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया की कार्यक्रम अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य पारस कोठारी ने की। STEM प्रदर्शनी का आयोजन प्रदीप जोशी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने सक्रिय एवं पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
मेकर लैब से प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शोभागपुरा में विद्यालय उद्यम एसोसिएशन के सहयोग से मेकर लैब का संचालन किया जा रहा है।
इस लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर करके सीखने (Learning by Doing) का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
विद्यार्थी विज्ञान, तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वयं मॉडल एवं उपकरण तैयार कर रहे हैं तथा प्रयोगों के जरिए नई अवधारणाओं को समझ रहे हैं।
विद्यालय उद्यम एसोसिएशन के मैनेजिंग डायरेक्टर कैलाश चंद्र रावल ने बताया कि विद्यालय में SOCCS (Social Credit for Society) की अवधारणा के अंतर्गत विद्यार्थियों को STEM शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थी मेकर लैब में विभिन्न प्रायोगिक गतिविधियां सीखते हैं और शनिवार को वे अपने से छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों को वही गतिविधियां सिखाते हैं।
इस प्रकार विद्यालय में Peer Learning (सहपाठी शिक्षण) की प्रभावी अवधारणा को अपनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल विषयगत ज्ञान विकसित करना नहीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, समस्या समाधान, आत्मविश्वास, सहयोग, संवाद एवं निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना है।
सरकारी विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा विद्यालय उद्यम एसोसिएशन का उद्देश्य ग्रामीण एवं सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक एवं प्रयोगात्मक शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चे केवल किताबों में पढ़ी बातों को याद न करें, बल्कि अपने विचारों को प्रयोग और नवाचार में बदलना सीखें।
संस्था STEM शिक्षा के साथ Social Emotional Learning (SEL) को भी जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर कार्य कर रही है। शोभागपुरा विद्यालय में आयोजित यह STEM प्रदर्शनी इसी दिशा में विद्यार्थियों की प्रतिभा, जिज्ञासा और नवाचार क्षमता को सामने लाने वाला एक सराहनीय प्रयास रही।
