मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 24 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

मन्नत वाले राजा का भव्य नोट श्रृंगार

मेवाड़ में अनूठा आयोजनः मन्नत वाले राजा का 2.51 करोड़ के नोटों से हुआ भव्य श्रृंगार

WAf𝕏TGin🖨
मन्नत वाले राजा का भव्य नोट श्रृंगार

उदयपुर। गणेशोत्सव के अवसर पर बुधवार को उदयपुर में मन्नत वाले राजा का भव्य नोटों से श्रृंगार किया गया। आयोजक मंडल के अनुसार इस वर्ष बप्पा को 2 करोड़ 51 लाख रुपये के नोटों से श्रृंगार धराया गया। पिछले वर्ष 1 करोड़ 55 लाख रुपये के नोटों से श्रृंगार किया गया था।

आयोजक विशाल जैन एवं नितेश साहू ने बताया कि बप्पा के इस अनूठे और भव्य श्रृंगार के दर्शन के लिए शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा और शांतिपूर्ण दर्शन के लिए मंडल की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

दर्शन के लिए सूरजपोल से प्रवेश की व्यवस्था रखी गई। यहां से श्रद्धालुओं की कतार निर्धारित मार्ग से होते हुए मंदिर परिसर और फिर मन्नत वाले राजा के पंडाल तक पहुंची।

दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को लखारा चौक की ओर से बाहर निकाला गया।

व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे अपने जूते-चप्पल सूरजपोल क्षेत्र में ही रखें। पंडाल तक पहुंचने के बाद वापस प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

आयोजक मंडल ने श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर बप्पा के दर्शन किए।