जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से प्रारंभ हुआ विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 17 अक्टूबर तक जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को मजबूत करने वाली विभिन्न गतिविधियों के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प में आमजन, किसान, महिला एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत शनिवार को जिले की विभिन्न पंचायत समिति मुख्यालयों पर ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से सेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी प्रेरणादायी गतिविधियों की वीडियो सामग्री आमजन को दिखाई गई। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्रों तथा 22 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में वीडियो वॉल, ई-मित्र प्लस एवं अन्य माध्यमों से इन प्रेरक कहानियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इन कहानियों के माध्यम से जनसेवा के कार्यों, सामाजिक सहभागिता तथा जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंचाते हुए सेवा भावना को प्रोत्साहित करने और सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम भी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक निरंतर संचालित रहेगा। इसके तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों एवं परिवारों की वास्तविक सफलता की कहानियों को रील, वीडियो एवं फोटो के माध्यम से तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है।
इन वास्तविक लाभार्थी कहानियों के जरिए सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जा रहा है। साथ ही, इन कहानियों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, पात्रता के अनुसार लाभ लेने तथा समाज में जनसेवा एवं सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
