उदयपुर,स्वर्गीय अशोकजी सिंघल की स्मृति में स्थापित भारतात्मा वेद पुरस्कार समारोह का आयोजन उदयपुर के आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज सभागार में किया गया। समारोह में वेदों के अध्ययन, अध्यापन, संरक्षण और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्वानों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
भारतात्मा वेद पुरस्कार का उद्देश्य वेदों की समृद्ध परंपरा को संरक्षित करने और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्वानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा संस्थानों को प्रोत्साहित करना है। इसे वैदिक क्षेत्र के प्रमुख राष्ट्रीय सम्मानों में गिना जाता है।
ये पुरस्कार प्रतिवर्ष चार श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। इनमें उत्कृष्ट वेद विद्यार्थी को 3 लाख रुपये, आदर्श वेद अध्यापक को 5 लाख रुपये, उत्तम वेद विद्यालय को 7 लाख रुपये तथा जीवनभर के योगदान के लिए ‘वेदार्पित जीवन’ पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
इस वर्ष वेदों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री सन्निधानम् वेंकट श्रीकृष्णानन्द वाचस्पति, श्री डी. नारायण शर्मा तथा श्री जगद्गुरु वेद काव्य विद्या भवनम् ट्रस्ट को सम्मानित किया गया। वहीं, वेदों के क्षेत्र में आजीवन योगदान के लिए श्री फड़के दिनकर माधव को ‘वेदार्पित जीवन’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
भारतात्मा वेद पुरस्कारों की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। इसी वर्ष पहली बार इन पुरस्कारों का वितरण किया गया था। तब से ये सम्मान प्रतिवर्ष वैदिक परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रदान किए जा रहे हैं।
