उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के तत्वावधान में ऐश्वर्या कॉलेज में दो दिवसीय इंटर कॉलेज टेबल टेनिस एवं शतरंज प्रतियोगिता का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पहले ही दिन अपने शानदार खेल से रोमांच पैदा कर दिया।टेबल टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 7 टीमों तथा महिला वर्ग में 6 टीमों ने भाग लिया।
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला गवर्नमेंट कॉलेज सिरोही और यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ सोशल साइंस एंड ह्यूमैनिटीज के बीच खेला जाएगा।
वहीं पुरुष वर्ग में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लॉ और गवर्नमेंट कॉलेज मावली की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।शतरंज प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 11 टीमों और महिला वर्ग की 6 टीमों ने हिस्सा लिया।
खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक सोच, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया।टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. डी.एस. चौहान तथा चयन समिति में अविनाश कुमावत मौजूद रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक डॉ. भीमराज पटेल तथा चयन समिति के सदस्य नीलेश कुमावत और राजेंद्र साहू ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन यूनिवर्सिटी सिलेक्शन ट्रायल आयोजित होंगे।
इसके पश्चात टेबल टेनिस और शतरंज के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
