जम्मू। जम्मू मंडल ने अपने परिचालन और यात्री सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है।
मंडल रेल प्रबंधक जम्मू श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में तीन सदस्यों एक समिति बनाई गई, जिसमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री आरिश बंसल व वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी श्रीमती सीमा वी वर्मा शामिल थी।जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि चयनित प्रक्रिया को पूर्ण कर वाणिज्य व परिचालन विभाग के 24 रिटायर्ड कर्मियों को चयनित किया गया।
इसके परिणामस्वरूप यह योजना पूरी तरह सफल रही है। मंडल के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुनः नियुक्ति योजना के तहत वापस सेवा में लिया गया है।
इस विशेष पहल के अंतर्गत लगभग 19 सेवानिवृत्त कर्मचारी वाणिज्य विभाग में तथा 6 सेवानिवृत्त कर्मचारी परिचालन विभाग में महत्वपूर्ण पदों पर अपना कार्यभार संभाल चुके हैं।
वर्ष 2025 में जम्मू मंडल के गठन के बाद यह पहला मौका है, जब वाणिज्य विभाग में इतनी बड़ी संख्या में अनुभवी पूर्व रेल कर्मियों को दोबारा जोड़ा गया है।इस पुनः नियुक्ति से मंडल को कई प्रमुख लाभ मिल रहे हैं, जिसमें सबसे पहले वाणिज्य विभाग के 19 अनुभवी कर्मचारियों के आने से टिकटिंग, रिजर्वेशन (आरक्षण) और यात्री शिकायत निवारण जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में काफी तेजी आई है।
इसके साथ ही आगामी त्योहारों के सीजन के दौरान स्टेशनों पर बढ़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित और प्रबंधित करने में इन कर्मचारियों के अनुभव से विशेष सहायता मिल रही है।परिचालन विभाग में नियुक्त 6 अनुभवी कर्मियों की वजह से ट्रेनों का सुरक्षित व समयबद्ध संचालन, शंटिंग प्रक्रिया और स्टेशन प्रबंधन अधिक सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
इन वरिष्ठ कर्मियों के पास रेल सेवा का दशकों का व्यावहारिक अनुभव है, जो वर्तमान में कार्यरत युवा रेल कर्मचारियों के लिए एक बेहतरीन मेंटरशिप (मार्गदर्शन) का कार्य भी कर रहा है।
जम्मू मंडल अपने इन अनुभवी पूर्व कर्मचारियों के बहुमूल्य योगदान का हृदय से स्वागत करता है और भारतीय रेल सुरक्षित, संरक्षित, समयबद्ध रेल संचालन और उत्कृष्ट यात्री सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
