उदयपुर। विश्वप्रसिद्ध सूक्ष्म पुस्तक निर्माण एवं विशिष्ट पुस्तक बाइंडिंग कला के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले डॉ. चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा ने उदयपुर प्रवास के दौरान सुप्रसिद्ध चित्रकार एवं पिचवाई कला के साधक डॉ. पुष्कर लोहार से उनके निवास पर आत्मीय मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में अपनी विशाल मेवाड़ी चित्रकला का प्रदर्शन कर चुके डॉ. लोहार की कलात्मक साधना और पारंपरिक चित्रकला के प्रति उनके समर्पण को देखकर डॉ. चित्तौड़ा अभिभूत हुए।
विशेष बात यह रही कि डॉ. चित्तौड़ा ने सोशल मीडिया के माध्यम से डॉ. पुष्कर लोहार का संपर्क प्राप्त किया। उनसे बातचीत होने के बाद वे स्वयं उनके निवास पर पहुंचे और कला के प्रति अपनी जिज्ञासा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. चित्तौड़ा ने डॉ. लोहार द्वारा राष्ट्रपति भवन में बनाई गई विशाल मेवाड़ी चित्रकला सहित उनके विभिन्न कलात्मक कार्यों का अवलोकन किया। दोनों कलाकारों के बीच भारतीय पारंपरिक लघुचित्र शैली, मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पिचवाई चित्रकला तथा समकालीन कला के विविध आयामों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान डॉ. चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा ने अपने विशिष्ट पुस्तक निर्माण एवं बाइंडिंग कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने सुई की नोक के छेद से निकल सकने वाली अत्यंत सूक्ष्म पुस्तक का निर्माण कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उनका यह कार्य असाधारण सूक्ष्मता, धैर्य, तकनीकी दक्षता और कला के प्रति गहरे समर्पण का उदाहरण है।
डॉ. चित्तौड़ा ने डॉ. पुष्कर लोहार की कलात्मक साधना की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में मेवाड़ी चित्रकला का प्रदर्शन करना भारतीय पारंपरिक कला और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कला विधाओं में कार्यरत कलाकारों के बीच संवाद और एक-दूसरे की सृजनात्मकता को समझने का प्रयास भारतीय कला एवं संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यह मुलाकात दो विशिष्ट कला साधकों के बीच रचनात्मक संवाद, परस्पर सम्मान और भारतीय कला परंपराओं के प्रति साझा समर्पण का आत्मीय उदाहरण बनी।
