मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 29 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

झील संवाद : विश्व जलवायु सम्मेलन , कॉप -31 में रामसर कन्वेंशन की महासचिव डॉ. मुसोंडा मुंबा से हुई मुलाकात पर हुई चर्चा

उदयपुर,संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप 31 के दौरान रामसर कन्वेंशन की महासचिव डॉ. मुसोंडा मुंबा ने उदयपुर को रामसर वेटलैंड सिटी का दर्जा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

WAf𝕏TGin✉🖨
झील संवाद :     विश्व जलवायु सम्मेलन , कॉप -31 में रामसर कन्वेंशन की महासचिव डॉ. मुसोंडा मुंबा से हुई मुलाकात पर हुई चर्चा

उदयपुर,संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप 31 के दौरान रामसर कन्वेंशन की महासचिव डॉ. मुसोंडा मुंबा ने उदयपुर को रामसर वेटलैंड सिटी का दर्जा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उदयपुर की विशिष्ट पहचान और यहां के वेटलैंड पारिस्थितिकी तंत्र का महत्व ही इस अंतरराष्ट्रीय मान्यता का आधार है। इस अवसर पर महासचिव को उदयपुर आने का निमंत्रण भी दिया गया।

यह जानकारी कॉप 31 में भाग लेकर लौटे पर्यावरणविद् एवं विद्या भवन पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. अनिल मेहता ने रविवार को आयोजित झील संवाद में दी। उन्होंने बताया कि अंटाल्या (तुर्किये) में हुई इस मुलाकात के दौरान उदयपुर की ऐतिहासिक झीलों, वेटलैंड सिटी की अंतरराष्ट्रीय पहचान और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर चर्चा हुई।

डॉ. मेहता ने कहा कि महासचिव ने कॉप 31 के अपने आधिकारिक वक्तव्य में भी वेटलैंड्स को जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। जलवायु परिवर्तन के प्रति प्राकृतिक अनुकूलन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. मेहता ने कहा कि रामसर कन्वेंशन का मूल दर्शन वेटलैंड्स की पारिस्थितिक व्यवस्था को सुरक्षित रखते हुए उनका विवेकपूर्ण उपयोग करना। उदयपुर की झीलों के संदर्भ में इसका विशेष महत्व है। पर्यटन, नौकायन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का निर्धारण झीलों की वैज्ञानिक पारिस्थितिक वहन क्षमता, जल गुणवत्ता और जैव विविधता को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन और नगर निगम से आग्रह किया कि उदयपुर को मिली इस अंतरराष्ट्रीय पहचान को केवल पर्यटन प्रचार तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि झीलों के संरक्षण, जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन, वैज्ञानिक निगरानी और नागरिक भागीदारी के माध्यम से इसे धरातल पर उतारा जाए। उदयपुर की वास्तविक पहचान एक जीवंत वेटलैंड सिटी के रूप में स्थापित होनी चाहिए।

झील संवाद में तेजशंकर पालीवाल ने कहा कि वेटलैंड्स दुनिया के सबसे प्रभावी प्राकृतिक कार्बन भंडारों में से हैं। ये जल चक्र को संतुलित रखने के साथ बाढ़ और सूखे के प्रति प्राकृतिक प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। उदयपुर का सौभाग्य है कि यहां झीलों और तालाबों का समृद्ध प्राकृतिक तंत्र मौजूद है। इनका संरक्षण शहर के भविष्य से जुड़ा विषय है।

नंदकिशोर शर्मा ने कहा कि वेटलैंड्स भूजल पुनर्भरण, जल के प्राकृतिक शुद्धिकरण और शहरी बाढ़ के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये अनेक प्रजातियों के पक्षियों, मछलियों और अन्य जलीय जीवों को आवास उपलब्ध कराते हैं। इसलिए झीलों को केवल जल संग्रहण अथवा पर्यटन स्थलों के रूप में देखना इनके व्यापक पारिस्थितिक महत्व को सीमित करना होगा।

कुशल रावल ने कहा कि उदयपुर की झीलें शहर के तापमान संतुलन, जल सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से बचाव में महत्वपूर्ण प्राकृतिक आधारभूत संरचना का कार्य करती हैं। इनके संरक्षण से शहर की पर्यावरणीय गुणवत्ता और नागरिकों का जीवन स्तर भी जुड़ा हुआ है।

द्रुपद सिंह और विनोद कुमावत ने कहा कि पिछोला, फतेहसागर सहित उदयपुर की अन्य झीलें और तालाब शहर की स्थानीय जलवायु, जैव विविधता तथा पारिस्थितिक संतुलन की जीवनरेखा हैं। इनके संरक्षण में प्रशासन के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।