मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 17 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
National News

रक्षाबंधन: बिखरते रिश्तों को समेटने का सही अवसर

रक्षाबंधन का त्योहार सदियों से भाई-बहन के अटूट प्रेम, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक रहा है। राखी का धागा न केवल शारीरिक सुरक्षा का वचन है, बल्कि भावनात्मक सहारे, समझ और निष्पक्ष स्नेह का भी।

WAf𝕏TGin🖨

रक्षाबंधन का त्योहार सदियों से भाई-बहन के अटूट प्रेम, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक रहा है। राखी का धागा न केवल शारीरिक सुरक्षा का वचन है, बल्कि भावनात्मक सहारे, समझ और निष्पक्ष स्नेह का भी। पर आज जब हम अपने आसपास देखते हैं तो यह त्योहार कई परिवारों में अपनी मूल भावना खोता जा रहा है। रिश्ते धन और रुतबे के आधार पर तौले जा रहे हैं। अमीर रिश्तेदारों की आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती, जबकि गरीब या साधारण स्थिति वाले रिश्तेदारों के साथ व्यवहार में अपमान और दूरी साफ नजर आती है।

कुछ रिश्तेदार और भाई-बहन अपनी जिंदगी चुगलियों में बिता देते हैं। किसी की सद्भावना से कही गई बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है। बिना किसी प्रत्यक्ष संबंध के भी उन लोगों को आपस में उलझा दिया जाता है जिनका उस घटना से कोई संबंध नहीं होता है परिणामस्वरूप परिवारों में दूरियाँ बढ़ती जा रही हैं। 

कुछ लोग स्वयं को विद्वान और दूसरों को मूर्ख समझने की भ्रांति में जीते हैं। अहंकार और श्रेष्ठता की भावना रिश्तों को और कमजोर करती है।

सिर्फ एक परिवार का होना काफी नहीं है। नाम का परिवार होना और रिश्तों को कागजी बना देना किसी काम का नहीं। असली परिवार तब बनता है जब दुख और सुख दोनों में एक-दूसरे का साथ दिया जाए। जब किसी पर मुसीबत आए तो बिना हिसाब-किताब के खड़े हो जाएँ, और खुशी के पल में भी ईर्ष्या या दूरी न रखें। आज कई परिवार सिर्फ नाम के लिए जुड़े हैं, लेकिन जरूरत के समय एक-दूसरे से मुँह मोड़ लेते हैं। यही दूरी रिश्तों को तोड़ती है।

रक्षाबंधन हमें याद दिलाता है कि सच्चा बंधन धन, पद या बुद्धिमत्ता के प्रदर्शन से नहीं बनता। यह समानता, सम्मान, शुद्ध भावना और हर हाल में साथ देने की प्रतिबद्धता से बनता है। जब राखी बाँधी जाती है तो भाई बहन की रक्षा का वचन देता है। आज इस वचन को व्यापक अर्थ में लेना होगा—न केवल बाहरी खतरों से, बल्कि परिवार के अंदर पनप रही कटुता, भेदभाव, गलतफहमियों और अकेलेपन से भी रक्षा करनी होगी।

क्या इस त्योहार को लालच, दिखावे और चुगलखोरी से मुक्त होकर पूरी श्रद्धा के साथ नहीं मनाया जा सकता? अवश्य मनाया जा सकता है। इसके लिए कुछ बातें ध्यान में रखनी आवश्यक हैं:

  • हर रिश्तेदार को उसकी आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर सम्मान दें। अमीर हो या गरीब, रिश्ता एक ही है।
  • चुगली और गलतबयानी से बचें। अगर कोई सलाह देता है तो उसे समझने की कोशिश करें, न कि उसे विकृत करके दूसरों तक पहुँचाएँ।
  • अहंकार छोड़ें। कोई भी व्यक्ति पूरी तरह विद्वान या पूरी तरह मूर्ख नहीं होता। हर किसी की अपनी सीमाएँ और गुण होते हैं।
  • पुरानी गलतफहमियों को माफ करने और सीधे संवाद करने का प्रयास करें। कई दूरियाँ सिर्फ बातचीत की कमी से बढ़ जाती हैं।
  • सबसे महत्वपूर्ण—दुख-सुख में साथ दें। सिर्फ त्योहारों पर मिलना काफी नहीं। रोजमर्रा की जिंदगी में एक-दूसरे के सहारे बनें।

रक्षाबंधन का असली महत्व तब है जब राखी का धागा सिर्फ कलाई पर नहीं, बल्कि दिलों में भी बँधता है। जब परिवार का हर सदस्य महसूस करे कि उसे सम्मान मिल रहा है, उसे सुना जा रहा है, उसके साथ भेदभाव नहीं हो रहा और जरूरत पड़ने पर वह अकेला नहीं है। तभी यह त्योहार समाज के लिए उपयोगी और सार्थक बनेगा।

आइए, इस वर्ष रक्षाबंधन को रिश्तों को जोड़ने का माध्यम बनाएँ। दिखावे और लालच को छोड़कर शुद्ध प्रेम, समानता और आपसी सहयोग के साथ मनाएँ। क्योंकि अंत में परिवार ही वह जगह है जहाँ हमें बिना शर्त स्वीकार किया जाना चाहिए—अमीर या गरीब, विद्वान या साधारण, सभी को। और जहाँ दुख-सुख में साथ मिलना चाहिए।

राखी का धागा कमजोर रिश्तों को फिर से मजबूत करने और हर हाल में एक-दूसरे का सहारा बनने का निमंत्रण है। इसे स्वीकार करें।