नई दिल्ली : डीपी वर्ल्ड ने ओशन नेटवर्क एक्सप्रेस (ओएनई) के लिए एक समर्पित रेल माल ढुलाई सेवा शुरू की है। यह रेल सेवा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) को मुंद्रा पोर्ट से जोड़ेगी। मुंद्रा पोर्ट भारत के प्रमुख एक्सपोर्ट गेटवे में से है।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर संचालित यह सेवा प्रत्येक फेरे में 180 टीईयू तक की क्षमता के साथ निर्धारित समय-सारणी के अनुसार रेल परिचालन की सुविधा प्रदान करती है। अंतर्देशीय कार्गो केंद्रों को सीधे बंदरगाह से जोड़कर यह सेवा निर्यातकों को माल की आवाजाही अधिक कुशलता से करने, बेहतर योजना बनाने और वैश्विक बाजारों तक अधिक सुनिश्चित एवं समयबद्ध पहुंच हासिल करने में मदद करती है।
यह रेल सेवा ओएनई को पानीपत, पाली और मोदीनगर स्थित डीपी वर्ल्ड के इनलैंड कंटेनर डीपो के माध्यम से एनसीआर और मुंद्रा पोर्ट के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
एनसीआर से मुंद्रा के बीच सप्ताह में दो बार संचालित होने वाली इस सेवा का परिचालन जहाजों के निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप किया जाएगा, जिससे अंतर्देशीय माल परिवहन और समुद्री शिपिंग सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय संभव होगा।
इससे निर्यातकों को अपने शिपमेंट की बेहतर योजना बनाने और उन्हें अधिक भरोसे एवं सुविधा के साथ प्रबंधित करने में मदद मिलेगी।
डीपी वर्ल्ड में सबकॉन्टिनेंट (इंडिया) के कंट्री मैनेजर हेमंत कुमार रुइया ने कहा, ‘भारत की व्यापारिक प्रतिस्पर्धा को मजबूत बनाने और विकास के नए अवसरों को साकार करने में विश्वसनीय एवं कुशल संपर्क व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट, औद्योगिक वस्तुओं, एफएमसीजी और कपड़ा उद्योग के प्रमुख विनिर्माण एवं निर्यात केंद्र के रूप में एनसीआर क्षेत्र के लिए वैश्विक बाजारों तक निर्बाध पहुंच बेहद जरूरी है।ओशन नेटवर्क एक्सप्रेस (ओएनई) के लिए अपनी समर्पित रेल सेवा के माध्यम से हम देश के आंतरिक विनिर्माण केंद्रों और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग नेटवर्क के बीच संपर्क को मजबूत कर रहे हैं।
इससे ग्राहकों को अपने माल की ढुलाई में अधिक विश्वसनीयता, सुविधा और दक्षता मिल रही है।यह पहल एकीकृत परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स समाधान विकसित करने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इन समाधानों के तहत सड़क, रेल और समुद्री परिवहन को आपस में जोड़कर व्यापार को सुगम बनाने, आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत बनाने और वैश्विक व्यापार में भारत की बढ़ती भूमिका को समर्थन देने में मदद मिलेगी।’
ओशन नेटवर्क एक्सप्रेस (ओएनई) के मैनेजिंग डायरेक्टर – इंडिया, मासाहिरो साकिकुबो ने कहा, ‘यह साझेदारी ओशन नेटवर्क एक्सप्रेस (ONE) के वैश्विक शिपिंग नेटवर्क और डीपी वर्ल्ड की अंतर्देशीय लॉजिस्टिक्स क्षमताओं को एक साथ लाकर ग्राहकों को अधिक सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
माल ढुलाई के लिए समर्पित क्षमता, निर्धारित समय-सारणी के अनुसार रेल परिचालन और जहाजों के कार्यक्रम के अनुरूप परिवहन व्यवस्था से आपूर्ति श्रृंखला की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
साथ ही, अंतर्देशीय बाजारों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों के बीच माल की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।’
इस रेल सेवा के माध्यम से एक ही रैक में विभिन्न प्रकार के माल की ढुलाई की जा सकेगी। इससे इस सेवा से जुड़े क्षेत्रों के ग्राहकों को माल ढुलाई के लिए समर्पित रेल क्षमता उपलब्ध होगी।
इस सेवा की शुरुआत भारत की व्यापारिक कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए एकीकृत एवं एंड-टू-एंड लॉजिस्टिक्स समाधान उपलब्ध कराने की डीपी वर्ल्ड की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इनलैंड टर्मिनल्स और रेल नेटवर्क को बंदरगाहों, वेयरहाउस और फ्रेट फॉरवर्डिंग क्षमताओं के साथ मिलाते हुए डीपी वर्ल्ड भारतीय कंपनियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए सप्लाई चेन को ज्यादा दक्ष बनाने की दिशा में काम कर रही है।
