-सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयासों को मिली सफलता, चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) होकर चलेगी ट्रेन -कोटा में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों सहित आम यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत उदयपुर।
मेवाड़ और कोटा के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। रेल मंत्रालय ने उदयपुर सिटी से कोटा के मध्य चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) होकर नई मेमू ट्रेन के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
रेलगाड़ी संख्या 61628/61627 उदयपुर सिटी-कोटा मेमू के परिचालन को मिली इस मंजूरी से उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया कि रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है। रेल मंत्रालय की इस स्वीकृति से उदयपुर से कोटा के बीच रेल सुविधा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने पत्र में बताया कि जनसुविधाओं तथा क्षेत्रीय संपर्क को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा यात्री मांग और परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप समय-समय पर रेल सेवाओं का विस्तार किया जाता है। इसी क्रम में उदयपुर सिटी से कोटा के मध्य चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) होकर नई मेमू ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी गई है।
इस नई रेल सेवा से कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य पाठ्यक्रमों की तैयारी तथा अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। इसके साथ ही उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और मार्गवर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को भी कोटा तक आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होगा। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों के समय एवं यात्रा संबंधी परेशानियों में राहत मिल सकती है।
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। उदयपुर से कोटा के बीच नई मेमू ट्रेन को मिली स्वीकृति मेवाड़ के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और विद्यार्थियों सहित आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
