उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया की काउंसिलिंग का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। अधिष्ठाता प्रो नीरज शर्मा ने बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक अस्थायी वरीयता सूची जारी की जाएगी, जिस पर अभ्यर्थी 9 व 10 अक्टूबर को आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
इसके पश्चात अंतिम वरीयता सूची 12 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक वेबसाइट एवं पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
15-16 अक्टूबर को ऑफलाइन काउंसलिंग संबंधित विभागों में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगी।
इसके तहत मानविकी विषयों जैसे अंग्रेजी, दृश्य कला, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, उर्दू, हिंदी, जैन विद्या, संगीत, राजस्थानी एवं भूगोल की काउंसलिंग 15 अक्टूबर को होगी, जबकि इतिहास, समाजशास्त्र, लोक प्रशासन, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, पत्रकारिता, राजनीति विज्ञान, एमएसडब्ल्यू और एमवॉक सहित सामाजिक विज्ञान विषयों की काउंसलिंग 16 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थियों को अपने आवेदन की हार्ड कॉपी तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल व फोटो प्रतियों के साथ उपस्थित होना होगा। सत्यापन और विभागाध्यक्ष के हस्ताक्षर व मुहर के बाद प्रवेश शुल्क महाविद्यालय के कमरा नंबर 146 में जमा किया जाएगा।