मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
GMCH

जॉय ऑफ गिविंग इंडिया (JOGI) चैरिटेबल ट्रस्ट ने पूरे किए सेवा के 5 वर्ष

2.16 लाख से अधिक नि:शुल्क भोजन वितरित, अब प्रतिदिन 220+ जरूरतमंदों तक पहुंच रही सेवा

WAf𝕏TGin✉🖨
जॉय ऑफ गिविंग इंडिया (JOGI) चैरिटेबल ट्रस्ट ने पूरे किए सेवा के 5 वर्ष
1 / 2

उदयपुर,जरूरतमंदों को सम्मान के साथ नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ शुरू हुई जॉय ऑफ गिविंग इंडिया (JOGI) चैरिटेबल ट्रस्ट की भोजन सेवा ने 7 अक्टूबर 2026 को अपने 5 वर्ष पूरे कर लिए हैं। संस्था ने 7 अक्टूबर 2021 को उदयपुर में इस सेवा की शुरुआत की थी।

इन पांच वर्षों में संस्था द्वारा 2.16 लाख से अधिक नि:शुल्क भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं। शुरुआत में लगभग 125 लोगों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता था, जो अब बढ़कर 220 से अधिक जरूरतमंदों प्रतिदिन तक पहुंच गया है। वर्तमान में संस्था द्वारा उदयपुर में दो भोजन वितरण केंद्रों के माध्यम से सेवा संचालित की जा रही है—एम.बी. हॉस्पिटल ओपीडी परिसर और जनाना हॉस्पिटल के पास।

सम्मान के साथ भरपेट भोजन JOGI ट्रस्ट की विशेषता यह है कि यहां जरूरतमंदों को गर्म, पौष्टिक और भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाता है। दाल, सब्जी, चावल और रोटी परोसी जाती है तथा भोजन स्टील की थालियों में सम्मानपूर्वक कराया जाता है। भोजन की मात्रा पर कोई निर्धारित सीमा नहीं है। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए भोजन बनाने, परोसने और थालियों की सफाई की व्यवस्था संस्था द्वारा की जाती है।

यह सेवा बिना किसी भेदभाव के पूरी तरह नि:शुल्क है और गर्मी, सर्दी तथा बारिश—हर मौसम में निरंतर जारी रहती है।

मरीजों के परिजनों के लिए बड़ी राहत सेवा का प्रमुख लाभ अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों के साथ आने वाले दूर-दराज के गांवों के परिजनों को मिल रहा है। लंबे समय तक अस्पताल के आसपास रहने वाले परिवारों के लिए रोज भोजन की व्यवस्था करना आर्थिक रूप से कठिन होता है। ऐसे जरूरतमंद परिवारों के लिए JOGI की भोजन सेवा बड़ी राहत बन रही है।

संस्था द्वारा विशेष रूप से गर्मियों में नि:शुल्क पेयजल सेवा भी उपलब्ध कराई जाती है।

सेवा से संस्कार तक ट्रस्ट लोगों को जन्मदिन, वर्षगांठ, पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों को जरूरतमंदों को भोजन कराकर मनाने के लिए प्रेरित करता है। बच्चों को भी सेवा कार्यों से जोड़ा जाता है, ताकि उनमें अन्न के प्रति सम्मान और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो।

फाउंडर चेयरमैन श्री रोशन जैन ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल भोजन बांटना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मान के साथ भरपेट भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भूखा वापस न जाए।”

उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से आने वाले समय में इस सेवा को और अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने तथा सेवा सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

JOGI चैरिटेबल ट्रस्ट ने इस पांच वर्ष की सेवा यात्रा में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों और शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

सेवा का संदेश “हम सिर्फ भोजन नहीं परोसते, हमारा प्रयास है कि कोई जरूरतमंद भूखा न लौटे।”