मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 18 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
GMCH

एक ही किडनी और जन्मजात विकृति की चुनौती, गीतांजलि हॉस्पिटल में 18 वर्षीय युवती का सफल ऑपरेशन

आधुनिक दूरबीन तकनीक से किया योनि का पुनर्निर्माण, एक ही किडनी होने से चुनौतीपूर्ण थी सर्जरी

WAf𝕏TGin✉🖨
एक ही किडनी और जन्मजात विकृति की चुनौती, गीतांजलि हॉस्पिटल में 18 वर्षीय युवती का सफल ऑपरेशन



उदयपुर। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग ने आधुनिक दूरबीन तकनीक से 18 वर्षीय युवती की दुर्लभ जन्मजात विकृति का सफल ऑपरेशन कर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। युवती जन्म से ही योनि के अविकसित होने की समस्या से पीड़ित थी। जांच में उसे मेयर-रोकिटांस्की-कुस्टर-हाउजर (MRKH) सिंड्रोम नामक दुर्लभ जन्मजात स्थिति से ग्रसित पाया गया। इस स्थिति में गर्भाशय और योनि का पूर्ण विकास नहीं हो पाता है।

विशेष बात यह रही कि युवती के शरीर में जन्म से केवल एक ही किडनी थी, जिससे ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था।

गीतांजलि हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. अनुपमा हाड़ा ने लेप्रोस्कोपिक डेविडोव वैजिनोप्लास्टी (Laparoscopic Davydov Vaginoplasty) तकनीक से सफलतापूर्वक योनि का पुनर्निर्माण किया। इस अत्याधुनिक तकनीक में मरीज के शरीर की आंतरिक झिल्ली (पेरिटोनियम) का उपयोग कर नई योनि नलिका तैयार की जाती है। दूरबीन से की जाने वाली इस प्रक्रिया में बड़े चीरे की आवश्यकता नहीं होती, जिससे पारंपरिक ओपन सर्जरी की तुलना में कम दर्द, छोटे चीरे और शीघ्र रिकवरी जैसे लाभ मिल सकते हैं।

डॉ. अनुपमा हाड़ा ने बताया कि MRKH सिंड्रोम एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसका पता सामान्यतः किशोरावस्था में मासिक धर्म शुरू नहीं होने पर चलता है। कुछ मरीजों में इसके साथ किडनी एवं मूत्र प्रणाली से जुड़ी जन्मजात असामान्यताएं भी पाई जाती हैं। इस मामले में युवती की एक ही किडनी होने के कारण ऑपरेशन से पहले विस्तृत जांच और विशेष सावधानी के साथ सर्जरी की योजना तैयार की गई।

उन्होंने बताया कि ऐसी जन्मजात स्थितियां युवतियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं भावनात्मक जीवन को भी प्रभावित कर सकती हैं। सही समय पर पहचान, उचित परामर्श और विशेषज्ञ उपचार से उनके जीवन की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार लाया जा सकता है।

गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में इस जटिल पुनर्निर्माण सर्जरी की सफलता स्त्री रोग विभाग में उपलब्ध उन्नत लेप्रोस्कोपिक तकनीकों एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को दर्शाती है। यह उपलब्धि जन्मजात स्त्री रोग संबंधी जटिलताओं से जूझ रही मरीजों के लिए आधुनिक उपचार की नई संभावनाओं को रेखांकित करती है।