उदयपुर। चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर में मात्र 45 दिन के नवजात शिशु की जन्मजात पित्त नली की गंभीर बीमारी (Biliary Atresia) का सफल ऑपरेशन किया गया। शिशु को पीलिया की गंभीर शिकायत के चलते अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान उसमें बिलियरी एट्रेसिया (Biliary Atresia) नामक दुर्लभ जन्मजात बीमारी का पता चला।
इस जटिल बीमारी में लिवर से पित्त को छोटी आंत तक पहुंचाने वाली पित्त नलिकाएं अवरुद्ध या विकसित नहीं हो पाती हैं। इसके कारण पित्त लिवर में जमा होने लगता है, जिससे शिशु को गंभीर पीलिया सहित लिवर संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह बीमारी लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।
गीतांजलि हॉस्पिटल के पेडियाट्रिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार एवं उनकी टीम ने शिशु की स्थिति को देखते हुए अत्यंत जटिल रॉक्स-एन-वाई कासाई प्रोसीजर (Roux-en-Y Kasai Procedure) करने का निर्णय लिया। यह ऑपरेशन लगभग 4 से 6 घंटे तक चला। इस प्रक्रिया में अवरुद्ध पित्त नलिकाओं के प्रभावित हिस्से को हटाकर छोटी आंत के एक हिस्से को लिवर से जोड़ा जाता है, ताकि पित्त के प्रवाह के लिए नया रास्ता बनाया जा सके।
सर्जरी के बाद शिशु की स्थिति में सुधार हुआ और वर्तमान में वह स्वस्थ है। फॉलोअप के दौरान भी उसकी स्थिति संतोषजनक पाई गई है।
नवजात शिशुओं में जन्मजात पित्त नली की बीमारी का समय पर पता लगाना और विशेषज्ञों द्वारा उचित सर्जिकल उपचार करना बेहद महत्वपूर्ण है। गीतांजलि हॉस्पिटल में इस प्रकार की जटिल सर्जरी की सफलता बाल चिकित्सा सर्जरी के क्षेत्र में संस्थान की विशेषज्ञता और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं को दर्शाती है।
