मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 24 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

दिवेर विजय महोत्सव के समापन पर आएंगे केन्द्रीय मंत्री शेखावत और उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

26 सितंबर को होने वाले समापन समारोह की तैयारियां शुरू —गुलाबबाग में गूंजा 'दिवेर का रणघोष' —आज पद्मिनी सभागार में सांस्कृतिक संध्या

WAf𝕏TGin🖨
दिवेर विजय महोत्सव के समापन पर आएंगे केन्द्रीय मंत्री शेखावत और उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

उदयपुर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में चल रहे 10 दिवसीय ‘दिवेर विजय महोत्सव’ का भव्य समापन समारोह शनिवार, 26 सितम्बर को होगा।

समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत होंगे।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा उपस्थित रहेंगे।महोत्सव के संयोजक रमन सूद ने बताया कि समापन समारोह प्रताप गौरव केन्द्र परिसर स्थित कुम्भा सभागार में सायं 4:00 बजे से शुरू होगा।

समारोह की अध्यक्षता सिक्योर मीटर्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं न्यासी ‘धरोहर’ संजय सिंघल करेंगे, जबकि नगर निगम उदयपुर के महापौर पारस सिंघवी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि बुधवार को विभिन्न कार्यशालाओं की कक्षाएं जारी रहीं।

चित्रकला कार्यशाला में भी वरिष्ठ व युवा चित्रकार अपनी—अपनी कृतियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। समापन समारोह की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम भी समेकित किए जा रहे हैं जो शीघ्र जारी किए जाएंगे।सहसंयोजक डॉ. देवेन्द्र श्रीमाली ने बताया कि गुरुवार शाम को छह बजे से पद्मिनी सभागार में पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के तत्वावधान में सायंकाल 6 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

इसमें भरतनाट्यम, कथक, कालबेलिया आदि नृत्यों के साथ राजस्थान और देश की सतरंगी संस्कृति के रंग सजेंगे।सह संयोजक हरीश राजानी ने बताया कि समापन समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को बैठक हुई जिसमें वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक शुक्ल ने विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की।इस बीच, दिवेर विजय महोत्सव 2026 के तहत तैयार किए गए विशेष नुक्कड़ नाटक 'दिवेर का रणघोष' बुधवार शाम गुलाबबाग सरस्वती पुस्तकालय के सामने महात्मा गांधी प्रतिमा उद्यान पहुंचा।

मीरा गर्ल्स कॉलेज और विद्या भवन पॉलिटेक्निक कॉलेज के ऊर्जावान विद्यार्थियों के ओजपूर्ण संवादों ने वहां सभी का ध्यान खींचा। मंचन के दौरान पूरे वातावरण में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के गौरवशाली इतिहास का संचार व्याप्त रहा।

गुरुवार सायंकाल पानेरियों की मादड़ी की मयूरवन कॉलोनी स्थित नर्बदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में नुक्कड़ नाटक का मंचन होगा।