(mohsina bano)
गुड़गांव! प्रयागराज में महाकुंभ के समापन के बाद अब आध्यात्म और शांति की अगली बड़ी लहर हरियाणा के गुरुग्राम की ओर बढ़ रही है। 2 मार्च 2025 को सेक्टर 39, गुरुग्राम में भारत का पहला ‘वर्ल्ड पीस सेंटर’ खुलने जा रहा है, जो आध्यात्म और शांति का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है।
यह ‘वर्ल्ड पीस सेंटर’ केवल एक भवन नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक विरासत और विश्व शांति के संदेश को आगे बढ़ाने का केंद्र होगा। यहां ध्यान, योग और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई कार्यक्रम होंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर योग गुरु बाबा रामदेव, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू और जैनाचार्य लोकेश मुनि एक ही मंच पर नजर आएंगे। इनके साथ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस आयोजन के साक्षी बनेंगे।
इस भव्य आयोजन में युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नैतिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष पहल की जाएगी। योग, ध्यान और भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर प्रसारित करने की योजना बनाई गई है। संयुक्त राष्ट्र (UN) और विश्व धर्म संसद के सहयोग से जैन जीवनशैली और अध्यात्म पर शोध और प्रशिक्षण भी आचार्य लोकेश मुनि के मार्गदर्शन में दिया जाएगा।
राजस्थान के पचपदरा निवासी आचार्य लोकेश मुनि इस पहल के मुख्य प्रेरणास्त्रोत हैं। वे वर्षों से शांति, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं और यह केंद्र उनके इसी संकल्प का परिणाम है।
अगर आप भी इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो 2 मार्च 2025, सुबह 10 बजे, सेक्टर 39, गुरुग्राम में होने वाले इस भव्य उद्घाटन समारोह में जरूर पहुंचे। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत को विश्व शांति और अध्यात्म का केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा!