उदयपुर- शहर के अर्बन स्क्वायर मॉल में इस सप्ताहांत ‘अर्बन वीकेंडर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खान-पान, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों के जरिए लोगों को खरीदारी से अलग एक साथ समय बिताने और नए अनुभव लेने का मौका मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवारों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान ‘स्वीट एंड सेवोरी फेस्टिव बाइट्स’ नाम से फैमिली शेफ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन शी सर्कल इंडिया की ओनर तारिका भानुप्रताप तथा टेस्टमेकर्स इंडिया की निर्मला सोनी और करण माधवानी ने किया। प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने घर पर तैयार किए गए अलग-अलग तरह के व्यंजनों के जरिए अपनी पाक कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विंडहैम गार्डन के जनरल मैनेजर मनवीर कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं रेडिसन के जनरल मैनेजर विनीत चोबीसा और अशोका ग्रुप के विक्रम माधवानी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम के दौरान अपने अनुभव भी साझा किए।
इस मौके पर भूमिका एंटरप्राइजेज की सीईओ नंदिनी तनेजा ने कहा कि ‘अर्बन वीकेंडर’ का उद्देश्य लोगों और परिवारों को एक साथ समय बिताने के लिए बेहतर माहौल देना है। फूड इवेंट को मिली प्रतिक्रिया से पता चलता है कि लोग अब खरीदारी के साथ मनोरंजन और नए अनुभवों को भी महत्व दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मॉल में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अर्बन स्क्वायर मॉल की ओर से ‘अर्बन वीकेंडर’ के तहत फूड इवेंट, फैमिली गेम्स, मूवी स्क्रीनिंग, तंबोला इवनिंग और अन्य सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों के जरिए मॉल में परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए अलग-अलग तरह के अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
