मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

नगर विकास न्यास ने 450 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जनसहभागिता से साकार होगी हरित राजस्थान की परिकल्पना, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प

WAf𝕏TGin✉🖨
नगर विकास न्यास ने 450 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जैसलमेर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी 'हरियालो राजस्थान अभियान' के तहत नगर विकास न्यास, जैसलमेर द्वारा गुरुवार को शहर के विभिन्न स्थलों पर व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया गया।

नगर विकास न्यास द्वारा एयरपोर्ट चौराहे स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में 150 पौधों एवं बालाजी मंदिर परिसर में 300 पौधों का रोपण किया गया। कुल 450 पौधे लगाकर हरित जैसलमेर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया।

नगर विकास न्यास के सचिव सुखराम पिंडेल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में आमजन, विद्यालय के विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में नगर विकास न्यास के भूमि अवाप्ति अधिकारी सत्यप्रकाश खत्री, तहसीलदार, नगर विकास न्यास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय बालाजी मंदिर प्रबंधन समिति एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा निभाई जाएगी, ताकि प्रत्येक पौधा विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को साकार करने में अपनी भूमिका निभा सके।

नगर विकास न्यास ने आमजन से अपील की कि वे अधिकाधिक पौधारोपण कर उसकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें तथा 'हरियालो राजस्थान अभियान' को जनभागीदारी का अभियान बनाकर हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-संतुलित जैसलमेर के निर्माण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।