मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 4 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

’नमस्ते दिवस’ पर सफाई कर्मियों का सम्मान

आयुष्मान कार्ड व PPE किट वितरित, सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने का दिलाया संकल्प

WAf𝕏TGin✉🖨

जैसलमेर । सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को समर्पित ’नमस्ते दिवस’ के अवसर पर सोमवार को नगर परिषद जैसलमेर सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय स्तरीय वेबकास्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वेबकास्ट का सामूहिक अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान सेप्टिक टैंक एवं सीवर सफाई कार्य में संलग्न सफाई कर्मियों को आयुष्मान भारत कार्ड एवं पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट ¼PPE½किट वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से सफाई कर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सौढ़ा ने कहा कि सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई का कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं पूर्ण सुरक्षा उपकरणों के साथ ही किया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी कर्मचारियों से बिना PPE किट के किसी भी परिस्थिति में सीवर या सेप्टिक टैंक में प्रवेश नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि ’’सुरक्षा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।’’ उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका सुरक्षित रहना ही स्वच्छ एवं स्वस्थ जैसलमेर की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने, सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना करने तथा स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ जैसलमेर के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।