मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 4 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

आईकॉम इंडिया की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के संग्रहालय विशेषज्ञ सिटी पैलेस संग्रहालय में एकत्र

संग्रहालय समाज, संस्कृति और समुदायों को जोड़ने वाले सशक्त माध्यम -डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़

WAf𝕏TGin✉🖨
आईकॉम इंडिया की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के संग्रहालय विशेषज्ञ सिटी पैलेस संग्रहालय में एकत्र

उदयपुर। इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ म्यूजियम्स (आईकॉम) इंडिया की दो दिवसीय वार्षिक कॉन्फ्रेंस 2026 का शुक्रवार को सिटी पैलेस संग्रहालय, उदयपुर में शुभारंभ हुआ। ‘‘बदलते समय में संग्रहालय और समुदाय’’ विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।

महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने सम्मेलन में देश-विदेश से आए संग्रहालय विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, क्यूरेटर, संरक्षण विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों से आत्मीय भेंट कर उनका उदयपुर आगमन पर विशेष आभार व्यक्त कर अभिनंदन किया।

डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने चर्चा में कहा कि संग्रहालय केवल धरोहरों के संरक्षण के केन्द्र नहीं हैं, बल्कि समाज, संस्कृति और समुदायों को जोड़ने वाले सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवर्तित समय में विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक संवाद और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन निरंतर आयोजित होते रहने बहुत आवश्यक है। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन सांस्कृतिक विरासत, संग्रहालयों एवं ज्ञान-विनिमय से जुड़े ऐसे सभी सार्थक आयोजनों के लिए सदैव सहयोग को तत्पर है।

सम्मेलन के प्रथम दिवस का शुभारंभ खुश महल में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में आईकॉम के उपाध्यक्ष नासिर अल दरमाकी तथा महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने दीप प्रज्वलित किया। आईकॉम के अध्यक्ष एंटोनियो रोड्रिग्ज़ ने आईकॉम के कार्य-कलापों के साथ अपना संदेश प्रस्तुत किया। आईकॉम इंडिया की अध्यक्षा प्रो. अम्बिका पटेल एवं फाउण्डेशन के सीईओ ने स्वागत उद्बोधन से सभी का आभार जताया तथा ‘कॉन्फ्रेंस एब्स्ट्रैक्ट’ बुक का विमोचन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन आईकॉम इंडिया के उपाध्यक्ष प्रो. अब्दुर्रहीम के. ने दिया।

इसके पश्चात नासिर अल दरमाकी ने "Whose Voice? Redefining Co-curation, Living Heritage and Partnerships in Museums" विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। प्रथम दिवस में ‘‘बदलते समय में संग्रहालय और समुदाय’’ विषय पर विशेषज्ञ पैनल चर्चा, सिटी पैलेस संग्रहालय की क्यूरेटोरियल एवं संरक्षण टीम की प्रस्तुतियाँ, शोधपत्र वाचन के समानांतर सत्र, पोस्टर प्रस्तुति तथा संग्रहालय एवं समुदायों के बदलते संबंधों पर विभिन्न विषयों पर व्यापक विमर्श आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के विद्वानों एवं विशेषज्ञों ने अपने शोध एवं अनुभव साझा किए।