जैसलमेर । बाबा रामदेवजी के भादवा मेले में देशभर से उमड़ रहे लाखों श्रद्धालुओं के बीच अपनों से बिछड़ने वाले लोगों के लिए ग्राम पंचायत रामदेवरा के सात सूचना केंद्र मदद और उम्मीद का मजबूत सहारा बने हुए हैं। सूचना केंद्रों के माध्यम से अब तक 2668 से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों एवं अपनों से मिलाया जा चुका है।
बिछड़े श्रद्धालुओं को अपनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका सूचना प्रभारी रहमतुल्ला मेहर ने बताया कि मेले में अत्यधिक भीड़ के कारण कई बार बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं अन्य श्रद्धालु अपने परिजनों अथवा साथ आए लोगों से बिछड़ जाते हैं। ऐसी स्थिति में सूचना केंद्रों पर उनकी सूचना तत्काल दर्ज कर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित की जाती है, जिससे बिछड़े श्रद्धालुओं को शीघ्र उनके परिजनों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि सूचना केंद्रों पर मेले से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मेले की अवधि तक इन केंद्रों की सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी।
इन सात स्थानों पर संचालित हो रहे सूचना केंद्र’ ग्राम पंचायत रामदेवरा की ओर से मेले के दौरान प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सात सूचना केंद्र संचालित किए जा रहे हैं- 1. मेला चौक 2. रामसरोवर तालाब पाल 3. टीन शेड, पोकरण रोड 4. रेलवे स्टेशन 5. बीकानेर बस स्टैंड 6. रामदेवरा चौराहा 7. पोकरण रोड सूचना केंद्रों की यह पहल मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए न केवल आवश्यक जानकारी का माध्यम बनी हुई है, बल्कि बिछड़े अपनों को फिर से मिलाने वाली मानवीय सेवा की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में भी कार्य कर रही है।
