श्रीगंगानगर। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर अग्रवाल सेवा समिति द्वारा आज शाम शहर में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
यह शोभायात्रा पब्लिक पार्क से रवाना हुई और पूरे मार्ग पर अग्र समाज के साथ-साथ शहरवासियों की अपार भीड़ देखने को मिली।
हजारों की संख्या में अग्र बंधु-बहनों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।शोभायात्रा में करीब 300 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण किए हुए भाग लिया, जबकि 100 से अधिक दुपहिया वाहनों पर युवाओं की टोली सक्रिय रही।
कुल 19 शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थाओं की देवी-देवताओं की सुंदर संचेतन झांकियां शोभायात्रा का आकर्षण बनीं।
अग्रवाल स्कूल की 70 से अधिक छात्राओं ने शोभायात्रा के प्रारंभ स्थल से लेकर अंतिम स्थल तक पूरे रास्ते शानदार डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण महाराजा अग्रसेन की सवारी रही।
महाराज के दरबार को अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे रास्ते तीन ब्रास बैंड ग्रुप मधुर भजनों की धुनों से वातावरण को आस्थामय बनाते रहे।
बाजार के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।शोभायात्रा पब्लिक पार्क से शुरू होकर गोल बाजार, रविन्द्र पथ, बीरबल चौक और गौशाला मार्ग से होते हुए नई धान मंडी स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर तक पहुंची और वहीं सम्पन्न हुई।
मार्ग में केवल अग्र समाज ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के लोग शामिल हुए और महाराजा अग्रसेन के जयकारों से शहर गूंज उठा।समापन पर सिद्ध श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में एक समारोह आयोजित किया गया।
बीते एक सप्ताह के दौरान समिति द्वारा आयोजित मेहंदी, नृत्य, रंगोली और सुलेख आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
झांकियों की प्रतियोगिता में स्पैंगल स्कूल की झांकी को प्रथम स्थान, राइजिंग स्कूल को द्वितीय और महाराजा अग्रसेन स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
अग्रवाल स्कूल की उन छात्राओं को विशेष नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूरे मार्ग पर डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया था।हमेशा की तरह शोभायात्रा में शामिल लोगों द्वारा डाले गए कूपनों के आधार पर लॉटरी भी निकाली गई।
इसमें एक वॉशिंग मशीन, एक फ्रिज, 10 सूटकेस, 10 डिनर सेट, 10 कप सेट, 5 लंच बॉक्स और 10 जूस ग्लास सेट के पुरस्कार वितरित किए गए।
समापन समारोह का संचालन महामंत्री रामगोपाल पांडूसरिया ने किया।इस अवसर पर अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष इंजीनियर बंशीधर जिंदल, महामंत्री रामगोपाल पांडूसरिया, प्रमुख कॉलोनाइजर मुकेश शाह, संरक्षक राजेंद्रप्रसाद गुप्ता, महेश गुप्ता, राजेंद्र सिंघल, कृष्णकुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष रामधन गर्ग, राधेश्याम मित्तल, विनोद अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी पवन जैन, शोभायात्रा सह-प्रभारी सुशील सिंगला, सचिव सुरेंद्र सिंघल, श्यामसुंदर सिंगल, सुशील अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, दिनेश, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नीलम अग्रवाल, डॉ. ओपी गुप्ता, राधेश्याम अग्रवाल, संरक्षक संतोष विजयवर्गीय, विजयलक्ष्मी अग्रवाल, पूनम, योगिता गर्ग, मंजू गर्ग,सुनीता सहित अग्र समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और महिलाएं उपस्थित रहीं।अध्यक्ष इंजीनियर बंशीधर जिंदल ने बताया कि समिति शीघ्र ही अग्र समाज के 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के सम्मान हेतु एक विशेष समारोह आयोजित करेगी।
उन्होंने एक सप्ताह तक चले विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग करने वाले सभी महानुभावों का आभार भी व्यक्त किया।इससे पहले शुक्रवार रात को इसी मंदिर प्रांगण और सामने धान मंडी के खुले मैदान में विशाल सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था।
इस अवसर पर हाल ही में नवनिर्वाचित अग्रवाल समाज के तीन पार्षदों गौरव मित्तल, भूषण गर्ग और बलवंत चौधरी का सम्मान किया गया। रिटायर्ड इनकम टैक्स ऑफिसर राजेंद्र गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।
5000 से अधिक अग्र समाज के नर-नारियों और बच्चों ने सामूहिक भोज किया।
