जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता को बढ़ावा देने, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान-6.0 के अंतर्गत शुक्रवार को जयपुर स्थित पत्रिका गेट पर स्वच्छता प्रदर्शनी एवं ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म, प्रदर्शनी एवं प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी प्रदान करते हुए विशेष अभियान-6.0 के उद्देश्यों एवं रेलवे में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने स्वच्छता प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा आमजन को रेलवे में स्वच्छता संबंधी पहलों, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को स्वच्छ रेल परिसर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।श्री पंकज शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया।
इस दौरान 8,000 से अधिक स्वच्छता लक्षित इकाइयों को चिह्नित कर उनके रूपांतरण एवं सुधार की दिशा में कार्य किया गया।
साथ ही, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं रेलवे परिसरों में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें सफाई मित्रों, यात्रियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।महाप्रबंधक ने बताया कि विशेष अभियान-6.0 के अंतर्गत ई-वेस्ट के समुचित निस्तारण तथा स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी कार्य किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 22 अक्टूबर 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर मेगा ड्राइव के अंतर्गत ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रेल जन संवाद के दौरान रेल सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया तथा यात्रा के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं की गहनता से समीक्षा कर उनके समाधान और आवश्यक सुधार के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि स्वच्छता को हमें अपनी आदत और कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के बैंड दल ने मनमोहन प्रस्तुतियां दी गई।उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा आमजन एवं यात्रियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से रेलवे सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने, स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार करने तथा स्वच्छ रेल वातावरण विकसित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।इस दौरान अपर महाप्रबंधक श्री जे.एस लाकरा मंडल रेल प्रबंधक जयपुर मंडल श्री रवि जैन सहित मुख्यालय के अधिकारी गण, कर्मचारी गण, मीडिया मीडिया के प्रतिनिधिगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
