राजश्री प्रोडक्शंस (पी) लिमिटेड और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बनी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है।
फिल्म के संगीत को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बीच निर्देशक सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’ अब अपने एक बड़े पड़ाव की ओर बढ़ चुकी है। फिल्म के मेकर्स अब इस फिल्म को रिलीज करने की तैयारी में हैं।
यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
विदित हो कि ट्रेलर लॉन्च से पहले मुंबई के रॉयल ओपेरा हाउस में फिल्म की एक खास म्यूजिकल इवनिंग आयोजित की गई थी, जहां फिल्म के संगीत का जश्न मनाया गया और ‘ये प्रेम मोल लिया’ की दुनिया को खूबसूरती से दर्शकों के सामने पेश किया गया।
हिमेश रेशमिया द्वारा तैयार किए गए इस म्यूजिक एल्बम को लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसके गाने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रहे हैं।
खास तौर पर ‘झुमका पटोला’ को दर्शकों का शानदार प्यार मिला है और यह गाना मिलियन का आंकड़ा पार कर चुका है। फिल्म के प्रमोशन के तहत मेकर्स ने खास तौर पर तैयार किए गए ‘झुमका पटोला’ हैम्पर के जरिए भी इस गाने को चर्चा में बनाए रखा है।
सूरज बड़जात्या की फिल्मों की पहचान हमेशा से यादगार संगीत और पारिवारिक जश्न से जुड़ी रही है। ऐसे में फिल्म का म्यूजिक एल्बम इसकी पहचान का एक अहम हिस्सा है।
संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ यह सहयोग दो अलग-अलग संगीत शैलियों को एक साथ लेकर आया है। फिल्म के गाने दर्शकों को इसकी रोमांटिक और पारिवारिक दुनिया की एक खूबसूरत झलक दे रहे हैं।
आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी, राजेश कुमार समेत कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म परिवार और रिश्तों की अहमियत को केंद्र में रखती है।
