निम्बाहेड़ा। उज्जैन प्रवास के अंतर्गत सिरोही जाते समय शृंगेरी पीठ के शंकराचार्य विदुशेखर भारती जी महाराज शनिवार को श्री कल्लाजी वेदपीठ पहुंचे।
यहां वेदपीठ के न्यासीगणों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद शंकराचार्य ने वेद विद्यालय के बटुकों द्वारा प्रस्तुत चतुर्वेद परायण चारों वेदों का सस्वर पाठ श्रवण किया। बटुकों द्वारा स्वरबद्ध ऋचाओं के पाठ और वेदाध्ययन की परंपरा से प्रभावित होकर उन्होंने इसे अद्भुत एवं अनुकरणीय बताया।
चतुर्वेद परायण सुनने के बाद शंकराचार्य ने कहा कि बच्चों को इस प्रकार वेदों का अध्ययन करते देखकर अत्यंत आनंद की अनुभूति हुई। यहां संचालित वेद परंपरा अद्भुत है।
सभी बच्चे इसी प्रकार वेदों को धारण करते रहें और वैदिक परंपरा के अनुसार इस ज्ञान का क्रम निरंतर आगे बढ़ाते रहें। उन्होंने श्री कल्लाजी वैदिक गुरुकुल विद्यालय में वेद एवं शास्त्रों की शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए शृंगेरी पीठ की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शास्त्र परंपरा के अनुसार जो भी सहयोग संभव होगा, वह ज्ञान परंपरा के संवर्धन के लिए अवश्य किया जाएगा। इस दौरान शंकराचार्य द्वारा रचित शृंगेरी परंपरा के कुछ ग्रंथ भी श्री कल्लाजी वेदपीठ को भेंट किए गए।
अपने अमृतमय आशीर्वचनों में शंकराचार्य ने धर्म के वास्तविक स्वरूप को स्पष्ट करते हुए कहा वेदप्रणिहितो धर्मः'। अर्थात धर्म वही है, जिसका प्रतिपादन वेदों द्वारा किया गया है।
वेद साक्षात धर्मस्वरूप हैं। वेदों का संरक्षण, उनका अध्ययन और अगली पीढ़ी तक उनका हस्तांतरण ही सनातन धर्म की मूल परंपरा का संरक्षण है।
उन्होंने वेदपीठ की ज्ञान परंपरा के उत्तरोत्तर प्रगति करने की कामना करते हुए सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बाद शंकराचार्य अपने अगले प्रवास के लिए सिरोही के लिए प्रस्थान किया।
