मुख्य सामग्री पर जाएँ
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

शिव संकल्पों के साथ सनातन पाठशाला के प्रथम स्तर सत्र सम्पन्न

उदयपुर। आर्य समाज हिरण मगरी द्वारा संचालित साप्ताहिक सनातन पाठशाला के प्रथम स्तर का सत्र प्रशिक्षणार्थियों द्वारा लिए गए शिव संकल्पों के समाज के सेक्टर 4 स्थित सत्संग भवन में सम्पन्न हुआ।

WAf𝕏TGin✉🖨
शिव संकल्पों के साथ सनातन पाठशाला के प्रथम स्तर सत्र सम्पन्न

उदयपुर। आर्य समाज हिरण मगरी द्वारा संचालित साप्ताहिक सनातन पाठशाला के प्रथम स्तर का समापन सत्र रविवार को सेक्टर-4 स्थित सत्संग भवन में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा लिए गए शिव संकल्पों के साथ सम्पन्न हुआ। पाठशाला संयोजक डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने अग्नि को साक्षी मानकर प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रभक्ति, ईश्वर भक्ति, मातृ-पितृ भक्ति, संस्कारवान जीवन और श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण के लिए संकल्प दिलाए।

संवाद प्रभारी योगाचार्य जिग्नेश शर्मा ने बताया कि समापन सत्र की शुरुआत मुख्य अतिथि योगाचार्य सीमा कुमावत के मार्गदर्शन में योगाभ्यास से हुई। प्रशिक्षणार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, बद्धकोणासन और सिंहासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके बाद अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और उद्गीत प्राणायाम के माध्यम से श्वास एवं मानसिक एकाग्रता का अभ्यास कराया गया।

आत्मरक्षा प्रशिक्षण के दौरान उर्वशी शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न सुरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसमें अचानक होने वाले आक्रमण से बचाव और स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

मुख्य वक्ता चंद्रकांता वैदिका ने जल संरक्षण विषय पर जीवनोपयोगी जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में पानी की बचत के व्यावहारिक उपाय बताते हुए ब्रश करने, स्नान करने तथा अन्य घरेलू कार्यों के दौरान जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया।

बेला सिसोदिया ने ‘वेस्ट से बेस्ट’ गतिविधि के तहत अखरोट के छिलके से कछुआ बनाने का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षणार्थियों ने अखरोट के छिलके और रंगों की सहायता से अपनी ड्राइंग शीट पर कछुए की आकृति तैयार की। गतिविधि के माध्यम से रचनात्मकता के साथ-साथ अनुपयोगी वस्तुओं के पुनः उपयोग का संदेश दिया गया।

प्रीति चौहान ने नैतिक शिक्षा सत्र में अहिंसा के वैदिक अर्थ को कहानी के माध्यम से समझाया। वहीं योगाचार्य जिग्नेश शर्मा द्वारा आयोजित सनातन ज्ञान प्रश्नोत्तरी में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए।

जुलाई से प्रत्येक रविवार को संचालित हो रही सनातन पाठशाला के प्रथम स्तर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि योगाचार्य सीमा कुमावत तथा विशिष्ट अतिथि उजास कुमावत का गायत्री महामंत्र पट्टिका भेंट कर अभिनंदन किया गया।

आयोजकों के अनुसार, पाठशाला का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, योग, आत्मरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सनातन ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। सनातन पाठशाला का दूसरा स्तर रविवार, 15 नवंबर से आर्य समाज हिरण मगरी, सेक्टर-4 स्थित सत्संग भवन में शुरू होगा।