अब अयोध्या की तर्ज पर चाहिए भव्य कॉरिडोर और ब्रज के लिए समग्र विकास की कार्ययोजना गोपेन्द्र नाथ भट्ट वृंदावन।
राधे-राधे की गूंज से दुनिया भर के कृष्णभक्तों को आकर्षित करने वाली उत्तर प्रदेश की विश्वविख्यात तीर्थनगरी वृंदावन में इस दीपावली उमड़ा श्रद्धा का महासागर एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की असलियत सामने ले आया।
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन की अभिलाषा लेकर देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए आस्था का यह उत्सव कई जगह अव्यवस्था, धक्का-मुक्की और असहायता का अनुभव बन गया।
मंदिर तक पहुंचने वाली संकरी गलियां भीड़ से इस कदर भर गईं कि सहज आवागमन तक मुश्किल हो गया। बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग श्रद्धालु परेशान होते रहे, जबकि कथित प्रभावशाली लोगों और विशेष पहुंच रखने वालों को अपेक्षाकृत सुविधाजनक दर्शन मिलने की शिकायतें सामने आईं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी और दुर्घटना के बाद ही चेतने की प्रतीक्षा कर रहा है?
वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कोई अप्रत्याशित घटना नहीं है। कार्तिक मास, एकादशी, पूर्णिमा, जन्माष्टमी और दीपावली जैसे अवसरों पर यहां लाखों श्रद्धालुओं का पहुंचना वर्षों से स्थापित परंपरा है।
इसके बावजूद हर बड़े पर्व पर वही तस्वीर दिखाई देती है—संकरी गलियां, अनियंत्रित भीड़, अपर्याप्त पार्किंग, अव्यवस्थित यातायात और सुरक्षा के दावों के बीच परेशान होते श्रद्धालु।
इस अव्यवस्था का एक चिंताजनक पहलू कथित लपकों की सक्रियता भी है। दर्शन कराने के नाम पर प्रति व्यक्ति 500 से 1000 रुपये तक वसूले जाने की शिकायतें आस्था के नाम पर चल रहे शोषण की गंभीर तस्वीर पेश करती हैं।
सवाल है कि जब पुलिस और प्रशासन की तैनाती रहती है, तब मंदिर के आसपास ऐसे तत्व इतने सक्रिय कैसे रहते हैं?
भगवान के दरबार में दर्शन भी यदि आर्थिक हैसियत, प्रभाव अथवा दलालों के सहारे मिलने लगें तो यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन की गरिमा पर भी आघात है।
वृन्दावन में 2022 की हुई त्रासदी से भी सबक नहीं लिया जाना चिंताजनक है। अगस्त 2022 में बांके बिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव से हुई दुखद घटना में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई थी।
उस हादसे ने मंदिर परिसर और आसपास की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था की गंभीर कमजोरियों को उजागर किया था। इसके बाद न्यायिक हस्तक्षेप और प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद स्थायी तथा सर्वमान्य समाधान की आवश्यकता आज भी महसूस की जा रही है।
श्रद्धालुओं का मानना है माननीय न्यायालय को इसका स्वत संज्ञान लेना चाहिए।
वृन्दावन में बांके बिहारी जी मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों की सकरी गलियों की सीमित चौड़ाई, बढ़ती श्रद्धालु संख्या और पर्याप्त निकास मार्गों का अभाव किसी भी आपात स्थिति में गंभीर संकट पैदा कर सकता है।
इन रास्तों पर ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही, फुटपाथों और गलियों में फैली दुकानें तथा अतिक्रमण स्थिति को और जटिल बनाते हैं। ऊपर से गंदगी, बदहाल नालियां और सीवरेज की समस्या वृंदावन की आध्यात्मिक छवि के विपरीत दिखाई देती है।
यह विडंबना ही है कि जिस नगरी में देश-दुनिया के करोड़ों लोग शांति, भक्ति और आध्यात्मिक आनंद की तलाश में आते हैं, वहां उन्हें बुनियादी नागरिक सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।
केवल बांके बिहारी की नगरी वृंदावन ही नहीं, पूरा ब्रज क्षेत्र सुविधाओं का मोहताज दिखाई दे रहा है। वृंदावन की पहचान केवल बांके बिहारी मंदिर तक सीमित नहीं है।
यहां राधारमण जी, राधावल्लभ जी और अन्य प्राचीन मंदिरों के साथ ही निधिवन, राधाकुंड, कृष्णकुंड और रमणरेती जैसे अनेक श्रद्धा केंद्र हैं। विभिन्न संतों, कथावाचकों और आध्यात्मिक संस्थाओं के आश्रमों ने भी इस नगरी को वैश्विक पहचान दी है।
प्रेमानंद जी महाराज सहित अनेक संतों के कारण आज वृंदावन देश-विदेश के आध्यात्मिक जिज्ञासुओं का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।लेकिन विडंबना यह है कि आध्यात्मिक प्रतिष्ठा जितनी ऊंची है, नागरिक सुविधाओं की स्थिति उतनी ही चुनौतीपूर्ण दिखाई देती है।
वृंदावन में लाल मुँह वाले बंदरों का आतंक भी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी है। चश्मे, मोबाइल और प्रसाद छीनने की घटनाएं आम शिकायत बन चुकी हैं।
कई बार लोग अपने सामान को वापस पाने के लिए फल, फ्रूटी अथवा अन्य वस्तुएं देने को मजबूर होते हैं।
मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि, यमुना के घाटों और ब्रज की कृष्ण लीलाओं से जुड़े दूसरे प्रमुख स्थलों पर भी यातायात, स्वच्छता, पार्किंग और अनधिकृत दलालों की समस्या दिखाई देती है।
ऐसे में प्रश्न केवल वृंदावन के मंदिर प्रबंधन का नहीं, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के सुनियोजित विकास का है।
अब समय आ गया है कि वृंदावन की समस्याओं का समाधान अस्थायी बैरिकेडिंग और पुलिस बल बढ़ाने तक सीमित न रखा जाए।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के आसपास विकसित हो रही आधुनिक सुविधाओं और वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के व्यापक पुनर्विकास तथा उज्जैन के महाकालेश्वर से प्रेरणा लेकर बांके बिहारी मंदिर के लिए भी एक सुविचारित, श्रद्धालु-केंद्रित और विरासत-संरक्षण आधारित कॉरिडोर विकसित किया जाना चाहिए।
इसमें चौड़े एवं सुरक्षित पैदल मार्ग, व्यवस्थित प्रवेश और निकास द्वार, वैज्ञानिक भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, होल्डिंग एरिया, चिकित्सा केंद्र, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं अनिवार्य हों।
बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। ऑनलाइन पंजीकरण और समयबद्ध दर्शन की व्यवस्था से भीड़ का दबाव कम किया जा सकता है।
साथ ही अवैध वसूली करने वालों और श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि यह भी ध्यान रखना होगा कि विकास के नाम पर वृंदावन की प्राचीन कुंज गलियों, मंदिर स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान न पहुंचे।
स्थानीय निवासियों, मंदिरों से जुड़े पक्षों और व्यापारियों को विश्वास में लेकर पारदर्शी पुनर्विकास तथा उचित पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए।
बांके बिहारी मंदिर के लिए ट्रस्ट और कॉरिडोर विकास से जुड़ी न्यायिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी अनावश्यक विलंब से मुक्त कर ठोस परिणाम तक पहुंचाना जरूरी है।
वृंदावन दिल्ली-आगरा-जयपुर गोल्डन ट्रायंगल पर्यटन मार्ग के निकट स्थित एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र है। यहां सामान्य दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
इसलिए इसे केवल स्थानीय प्रशासन की समस्या मानना उचित नहीं होगा। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को मिलकर ब्रज को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन सर्किट का दर्जा देने पर विचार करना चाहिए।
मथुरा-वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, गोकुल, श्रीनाथ जी ,दानघाटी मंदिर, जतीपुरा, पूंछरी का लौठा एवं कामा (राजस्थान), ब्रज चौरासी यात्रा,बलदेव और अन्य कृष्ण लीला स्थलों को जोड़ते हुए एक समग्र ब्रज धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन सर्किट विकसित करना चाहिए।
इसके लिए आधुनिक परिवहन, पार्किंग, स्वच्छता, पर्यटक सूचना केंद्र, प्रशिक्षित गाइड और डिजिटल सुविधाओं की एकीकृत व्यवस्था आवश्यक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अयोध्या, काशी और उज्जैन जैसे धार्मिक केंद्रों के विकास ने भारत के आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान दी है।
अब इसी दृष्टिकोण को ब्रज सहित देश के अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक विस्तार देने की आवश्यकता है। भारत की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन की बड़ी ताकत बनाने के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय धार्मिक एवं विरासत पर्यटन नीति भी समय की मांग है।
वृंदावन केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं का केंद्र है। यहां आने वाला श्रद्धालु किसी वीआईपी सुविधा या विशेष सत्कार की अपेक्षा नहीं करता।
उसकी एकमात्र इच्छा होती है कि उसे अपने आराध्य के सहज, सुरक्षित और सम्मानजनक दर्शन मिल सकें। राज्य सरकार और प्रशासन को यह समझना होगा कि आस्था का महासागर केवल पुलिस बल और बैरिकेडिंग के भरोसे नहीं संभाला जा सकता।
इसके लिए दूरदृष्टि, संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्ययोजना चाहिए।
अब सवाल यह नहीं है कि वृंदावन में अगला हादसा कब होगा, बल्कि यह है कि उसे रोकने के लिए सरकार और प्रशासन ठोस कदम कब उठाएंगे? ठाकुर बांके बिहारी के भक्तों को आश्वासन नहीं, सुरक्षित और सुगम दर्शन का अधिकार चाहिए। आस्था की इस नगरी को अव्यवस्था से मुक्त कराना अब विकल्प नहीं, अनिवार्यता है। विशेष कर तब जब उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जैसे एक मुख्यमंत्री है तब इस कार्य में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।
