मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 10 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक पर धर्ममय हुआ उदयपुर, 54 जोड़ों ने किया गौतमस्वामी महापूजन

साध्वी विद्युतप्रभाश्रीजी का संदेश,राग-द्वेष छोड़कर जीवन में प्रेम, करुणा और सद्भावना अपनाएं

WAf𝕏TGin✉🖨
भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक पर धर्ममय हुआ उदयपुर, 54 जोड़ों ने किया गौतमस्वामी महापूजन
1 / 2

उदयपुर। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक एवं जैन नववर्ष के पावन अवसर पर उदयपुर में धर्म और भक्ति की विशेष छटा देखने को मिली।

वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में आध्यात्मिक चातुर्मास की प्रवचन श्रृंखला के तहत विशेष धर्मसभा आयोजित हुई।

वहीं सूरजपोल स्थित श्री जिनदत्तसूरि दादाबाड़ी में साध्वी डॉ. श्री विद्युतप्रभाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा 6 के पावन सान्निध्य में 54 जोड़ों का भव्य गौतमस्वामी महापूजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम पूज्य गुरुवर्या साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक पर प्रकाश डालते हुए गुरु गौतम स्वामी एवं सुधर्मा स्वामी के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान का वर्णन किया।

उन्होंने कहा कि राग और द्वेष मनुष्य के जीवन में अशांति पैदा करते हैं, जबकि प्रेमभाव जीवन को सकारात्मकता और आत्मिक शांति की ओर ले जाता है। प्रत्येक व्यक्ति को राग-द्वेष का त्याग कर प्रेम, करुणा और सद्भावना को अपनाना चाहिए।

भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।साध्वीश्री ने बताया कि जैन मान्यता के अनुसार नववर्ष के साथ भगवान महावीर जैन संवत् 2553 का शुभारंभ हुआ।

इस पावन अवसर पर अनंत लब्धि निधान गुरु गौतम स्वामी रास का वाचन एवं विशेष पूजन का आयोजन भी किया गया, जिसके लाभार्थी श्रेष्ठिवर्य गजेन्द्र भंसाली परिवार रहे।इसी क्रम में सूरजपोल स्थित श्री जिनदत्तसूरि दादाबाड़ी में प्रातः 9 बजे से 54 जोड़ों ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ गौतमस्वामी भगवान की आराधना की।

पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। गजेन्द्र कुमार-सुशीला, दीपक-निपिका, काव्या, विहान, दीपिका-भरत सा जैन, खनक एवं भंसाली परिवार सहित अन्य परिवारों ने लाभार्थी के रूप में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के विधिकारक जितेन्द्रजी जैन जावरा रहे। महापूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।आयोजन श्री जैन श्वेताम्बर वासुपूज्य महाराज मंदिर ट्रस्ट एवं श्री जिनदत्तसूरिश्वरजी दादाबाड़ी के तत्वावधान में संपन्न हुए।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक एवं जैन नववर्ष के धार्मिक उत्साह को और अधिक विशेष बना दिया।