मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 16 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

पारस सिंघवी होंगे उदयपुर नगर निगम के महापौर

पांचवीं बार पार्षद बने सिंघवी ने दाखिल किया नामांकन, कार्यकर्ताओं में उत्साह; बोले—विकास कार्यों से चुकाऊंगा पार्टी का ऋण

WAf𝕏TGin🖨
पारस सिंघवी होंगे उदयपुर नगर निगम के महापौर
1 / 4

उदयपुर,  उदयपुर नगर निगम में महापौर पद को लेकर बुधवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से महापौर पद के लिए पारस सिंघवी के नाम की घोषणा के बाद उन्होंने नगर निगम पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सिंघवी वार्ड 24 से पांचवीं बार पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

नामांकन के दौरान पारस सिंघवी भावुक नजर आए। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के गले लगकर वे भावुक हो गए। जैसे ही उनके नामांकन की सूचना कार्यकर्ताओं तक पहुंची, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नगर निगम पहुंच गए और उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।

पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

नामांकन के बाद पारस सिंघवी ने भाजपा के शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संभाग प्रभारी राजेंद्र सिंह राठौड़, नाहर सिंह जोधा, चुनाव प्रभारी कनकमल कटारा, विधायक ताराचंद जैन, फूलसिंह मीणा, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार पांचवीं बार पार्षद का टिकट दिया और अब महापौर पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि वे राजनीति में इस पद तक पहुंचेंगे।

‘पांच साल विकास के नाम रहेंगे’

पारस सिंघवी ने कहा कि पार्टी और संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में भाजपा की रीति-नीति को आगे बढ़ाने के साथ उदयपुर के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा, “पार्टी ने मुझे पांच वर्ष का जो कर्ज दिया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से चुकाने का प्रयास करूंगा। संगठन सर्वोपरि था, है और जीवन के अंतिम क्षणों तक संगठन को आगे बढ़ाने का प्रयास करता रहूंगा।”

झील, सड़क और स्वच्छता पर रहेगा फोकस

सिंघवी ने उदयपुर शहर की झीलों और सड़कों को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए कहा कि शहर में विकास कार्यों को गति देने के साथ उदयपुर को कचरा मुक्त बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने पार्टी के स्थानीय संगठन से जुड़े गजपाल सिंह राठौड़, नानालाल वया, देवीलाल सालवी और पंकज बोराणा सहित अन्य नेताओं का भी आभार व्यक्त किया।

कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर

सिंघवी के नामांकन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। संभाग मीडिया प्रभारी चंचल अग्रवाल और शहर जिला मीडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत ने पारस सिंघवी को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी की रीति-नीति और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप उदयपुर शहर में भाजपा का सातवीं बार बोर्ड बना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए महापौर के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।