उदयपुर। उदयपुर में आयोजित ‘शेफ्स कनेक्ट एवं कहीं गुम न हो जाएं सीजन-9’ में राजस्थान की पारंपरिक पाक कला, स्थानीय स्वाद और आधुनिक व्यंजन निर्माण का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्रतियोगिता की व्यावसायिक शेफ श्रेणी में एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
औरिका बाय लेमन ट्री प्रथम उपविजेता तथा द ललित लक्ष्मी विलास पैलेस द्वितीय उपविजेता रहा।रॉयल राजस्थान शेफ्स सोसायटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्थान की पाक विरासत को सहेजने के साथ उसे नई पीढ़ी और आधुनिक व्यंजन कला से जोड़ना रहा।
आयोजन की अगुवाई सोसायटी के अध्यक्ष शेफ विमल धर ने की। सचिव शेफ सौरभ, राज्य समन्वयक डॉ. शेफ संगीता धर और शेफ देवेंद्र ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।प्रतियोगिता में उदयपुर के 11 प्रमुख होटलों के व्यावसायिक शेफ शामिल हुए।
प्रतिभागियों ने बाजरा, स्थानीय अनाज, मसाले, सब्जियों और अन्य क्षेत्रीय सामग्री का प्रयोग कर पारंपरिक स्वाद को आधुनिक प्रस्तुति के साथ पेश किया।कार्यक्रम में कश्मीर के शेफ परबिंदर एस. बाली, दिल्ली के शेफ राजीव गोयल, हैदराबाद के शेफ रिजवान, महाराष्ट्र के शेफ अल्तमेश पटेल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनुभवी शेफ ने भाग लिया।
उदयपुर की होटल इंडस्ट्री से जुड़े अनुभवी शेफ ने भी निर्णायक मंडल में सहयोग किया।‘कहीं गुम न हो जाएं’ पहल के तहत उन पारंपरिक व्यंजनों और पाक विधियों को सामने लाया गया, जो बदलती खान-पान की आदतों के कारण धीरे-धीरे प्रचलन से बाहर हो रहे हैं।
गृहिणी एवं घरेलू रसोइयों की श्रेणी में प्रतिभागियों ने विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक थालियां प्रस्तुत कर देश की विविध पाक संस्कृति को दर्शाया।विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपनी पाक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन ने व्यावसायिक शेफ से लेकर युवा प्रतिभाओं और घरेलू रसोइयों तक सभी को एक साझा मंच प्रदान किया।केंद्रीय पब्लिक स्कूल सभागार में हुए इस आयोजन में ताज एक्सोटिका आतिथ्य सहयोगी और फर्न रेजिडेंसी खाद्य सहयोगी के रूप में जुड़े।
आयोजन ने यह संदेश दिया कि राजस्थान की पाक विरासत को संरक्षित करने के साथ उसे आधुनिक स्वरूप देकर देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है।
