पटना, मुंबई के चर्चित फिल्म निर्माता और हंगामा हाउस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर संजय भूषण पटियाला ने आज पटना में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान बिहार के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।संजय भूषण पटियाला ने मंत्री के समक्ष दो प्रमुख प्रस्ताव रखे। पहला - बिहार में फिल्म सिटी की स्थापना।
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन फिल्म सिटी न होने से हजारों बिहारी कलाकारों को मुंबई जाना पड़ता है। यदि बिहार में फिल्म सिटी बनती है तो बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा।
दूसरा प्रस्ताव पंचायती राज विभाग के लिए था। उन्होंने 'स्वच्छ पंचायत - सुंदर पंचायत' थीम पर एक जागरूकता शॉर्ट फिल्म बनाने का सुझाव दिया, जिसे प्रदेश की 8,046 पंचायतों में दिखाकर सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सकता है।
इस प्रस्ताव पर मंत्री दीपक प्रकाश ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा, "इस पर हम सोचेंगे, विचार करेंगे और आगे चलकर कुछ ठोस करेंगे।"
इसके बाद संजय भूषण पटियाला ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा से भी मुलाकात की। उपेंद्र कुशवाहा जी ने कला, संस्कृति और युवा रोजगार के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर संजय भूषण पटियाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से बदल रहा है और युवा मंत्री दीपक प्रकाश के आने से पंचायती राज में डिजिटल क्रांति आएगी। फिल्म जगत सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
