उदयपुर। गीतांजलि डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, उदयपुर में मुख स्वास्थ्य पखवाड़े का शुभारंभ हुआ है, जिसका समापन 7 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय टूथब्रशिंग दिवस के अवसर पर होगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को रियायती दरों पर दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर ने मुख स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए समय पर दंत परीक्षण एवं उपचार कराने की आवश्यकता बताई।
पखवाड़े के दौरान संस्थान में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दंत चिकित्सा सेवाओं पर विशेष रियायत प्रदान की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग समय पर दंत उपचार प्राप्त कर सकें।इस अवधि में संस्थान द्वारा दंत एवं मुख स्वास्थ्य जांच शिविर, स्कूलों एवं समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम, दांतों को सही तरीके से ब्रश करने का प्रदर्शन, तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों एवं मुख कैंसर की प्रारंभिक पहचान के प्रति जागरूकता तथा दंत रोगों की रोकथाम के लिए परामर्श जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बच्चों एवं आमजन को दिन में दो बार ब्रश करने, नियमित दंत परीक्षण कराने और अच्छी मौखिक स्वच्छता की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इस पहल के माध्यम से गीतांजलि डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा को अधिक सुलभ बनाना, उपचार में होने वाली देरी को कम करना तथा समाज में मुख स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
