उदयपुर। झीलों का शहर एक बार फिर हजारों कदमों की रफ्तार और जुनून का गवाह बनने जा रहा है। वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 7,000 पार कर चुका है और प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 6 सितंबर को होने वाली यह एआईएमएस प्रमाणित मैराथन देश-विदेश के धावकों को उदयपुर की झीलों, अरावली की पहाड़ियों और ऐतिहासिक विरासत के बीच दौड़ने का अनूठा अनुभव देगी।
हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने उदयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैराथन की तैयारियों और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी साझा की। इस दौरान वर्ष 2026 के लिए विशेष रूप से तैयार जिंक फिनिशर मेडल भी लॉन्च किया गया। मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में इस वर्ष 3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दांव पर होगी, जबकि रेस पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को विशेष फिनिशर मेडल प्रदान किया जाएगा।
माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित मेडल
इस वर्ष का फिनिशर मेडल सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उदयपुर की जिंक पहचान और हिंदुस्तान जिंक की खनन विरासत की कहानी भी अपने साथ लेकर चलेगा। मेडल का डिजाइन कंपनी की माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित है। यह धावकों के धैर्य, समर्पण और दृढ़ता का प्रतीक होने के साथ जिंक सिटी उदयपुर की यादगार निशानी के रूप में भी काम करेगा।
मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन एवं चैंपियन रन शामिल हैं। इनमें एलीट और शौकिया धावकों के साथ कॉर्पोरेट समूह, रनिंग एवं फिटनेस कम्युनिटी, परिवार और पहली बार दौड़ने वाले प्रतिभागी भी हिस्सा लेंगे।
फतेहसागर के किनारे दौड़, सामने उदयपुर की खूबसूरती
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण इसका रूट है। फतेहसागर झील के आसपास से गुजरने वाला ट्रैक धावकों को दौड़ के साथ उदयपुर की प्राकृतिक खूबसूरती का अनुभव कराएगा। झील का पानी, अरावली की पृष्ठभूमि और शहर की ऐतिहासिक विरासत मिलकर इस रेस को देश की सबसे खूबसूरत मैराथन में अलग पहचान देते हैं।
पिछले वर्ष दूसरे संस्करण में 27 राज्यों और कई देशों से करीब 7,000 धावकों ने हिस्सा लिया था। इस बार भी देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से प्रतिभागियों के उदयपुर पहुंचने की उम्मीद है।
खेल से आगे, सामाजिक सरोकार भी
वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन इस वर्ष भी ‘रन फॉर जीरो हंगर’ के संदेश के साथ आगे बढ़ेगी। इस पहल के जरिए खेल को सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए कुपोषण की रोकथाम के प्रति लोगों में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मैराथन की तैयारियों के तहत उदयपुर, जयपुर, उत्तराखंड और हिंदुस्तान जिंक की विभिन्न इकाइयों में आयोजित प्रोमो रन एवं सामुदायिक गतिविधियों में 3,000 से अधिक लोगों की भागीदारी रही है।
4 और 5 सितंबर को बिब एक्सपो
प्रतिभागियों के लिए बिब एक्सपो फील्ड क्लब, जिंक सिटी उदयपुर में आयोजित होगा। 4 सितंबर को एक्सपो दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक और 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुला रहेगा। पंजीकृत धावक यहां अपना रेस बिब प्राप्त करने के साथ रेस से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने भारत की खूबसूरत मैराथनों में अपनी पहचान बनाई है। उनके अनुसार यह आयोजन फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ उदयपुर में स्पोर्ट्स एवं वेलनेस टूरिज्म को भी गति दे रहा है। इससे स्थानीय होटल और सेवा क्षेत्र को लाभ मिलने के साथ उदयपुर की राष्ट्रीय पहचान भी मजबूत हो रही है।
एनीबडी कैन रन के सहयोग से आयोजित यह मैराथन हिंदुस्तान जिंक की सक्रिय जीवनशैली, खेल संस्कृति और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने की पहल का हिस्सा है। कंपनी जिंक फुटबॉल अकादमी सहित विभिन्न खेल कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी काम कर रही है।
