संस्था के प्रतिनिधिमंडल की दीपावली मिलन समारोह के सम्बन्ध में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भें *इस वर्ष भी दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन 31 अक्टूबर और 1 नवम्बर को होगा* *संस्था के प्रतिनिधिमंडल की दीपावली मिलन समारोह के सम्बन्ध में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भेंट* *20 दिसम्बर को राजस्थान रत्नाकर के वार्षिक समारोह में कई लब्ध प्रतिष्ठित लोगो किया जाएगा सम्मानित* *जनवरी में नव वर्ष मिलन कार्यक्रम होगा* नीति गोपेन्द्र भट्ट नई दिल्ली।
राजस्थान की कला, संस्कृति, समाजसेवा और प्रवासी राजस्थानी समाज के लिए लंबे समय से सक्रिय संस्था राजस्थान रत्नाकर की वार्षिक आमसभा (एजीएम) में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राजेन्द्र गुप्ता को संस्था का जीवनपर्यंत चेयरमैन बनाए रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
यह निर्णय संस्था में राजेन्द्र गुप्ता के लंबे योगदान, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता में विश्वास की अभिव्यक्ति माना जा रहा है।
संस्था प्रधान सुमित गुप्ता ने बताया कि एजीएम में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आगामी कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में संस्था की आगामी गतिविधियों और वर्षभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
राजस्थान रत्नाकर की ओर से इस वर्ष भी भव्य दीपावली मिलन समारोह 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के पीतमपुरा स्थित नेताजी सुभाष प्लेस मेट्रो स्टेशन के पास आयोजित किया जाएगा।
संस्था के इस प्रमुख वार्षिक आयोजन में बड़ी संख्या में राजस्थानी समाज और दिल्ली के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
*संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की भेंट* दीपावली मिलन समारोह की तैयारियों को लेकर पूर्व संस्था प्रधान रमेश कानोड़िया एवं शंकरलाल जयपुरिया के सानिध्य में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से हाल ही संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को राजस्थान रत्नाकर के दीपावली मिलन समारोह की जानकारी दी और आयोजन में सहयोग का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने संस्था के कार्यक्रम को सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
*20 दिसंबर को वार्षिक समारोह* एजीएम में तय कार्यक्रम के अनुसार आगामी 20 दिसंबर को राजस्थान रत्नाकर का वार्षिक समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में समाजसेवा, कला, संस्कृति, शिक्षा, उद्योग, साहित्य और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा संस्था की ओर से नव वर्ष 2027 के स्वागत के लिए आगामी जनवरी माह के प्रथम रविवार को पारिवारिक पिकनिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक मेल-मिलाप तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षभर समाजसेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा समाजोपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान रत्नाकर की स्थापना वर्ष 1974 में हुई थी और संस्था पिछले पांच दशकों से दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बसे राजस्थानियों को जोड़ने तथा राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
