श्रीगंगानगर। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आज श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर एक वृहद श्रमदान कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस विशेष अभियान में रेलवे के अधिकारियों, सुपरवाइजरों, कर्मचारियों और स्थानीय एनजीओ के सदस्यों ने पूरी गर्मजोशी के साथ हिस्सा लिया और स्टेशन परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प लिया।इस पूरे कार्यक्रम के संयोजक मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री मुकेश मीणा रहे, जिनके कुशल नेतृत्व में सफाई अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
श्रमदान के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, पटरियों के आसपास के क्षेत्रों, प्रतीक्षालय और कार्यालय परिसर में सघन सफाई की गई।इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्य वाणिज्य निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा, स्टेशन मैनेजर रमेश चौधरी, सुविधा प्रबंधक कपिल भाबरी व सीनियर सेक्शन इंजी. इलेक्ट्रिक राजपाल उपस्थित रहे।
इन वरिष्ठ अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि स्वयं श्रमदान कर कर्मचारियों और आम जनता का हौसला भी बढ़ाया।कार्यक्रम के अंत में संयोजक मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक मुकेश मीणा ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम नहीं बल्कि एक निरंतर चलने वाली आदत है। रेलवे प्रशासन यात्रियों से भी यह अपील करता है कि वे स्टेशन और ट्रेनों को साफ सुथरा रखने में अपना सहयोग दें।
