उदयपुर। मेहनत, जुनून, संघर्ष और दृढ़ संकल्प के दम पर अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहचान बनाने वाले रियल अचीवर्स को सम्मानित करने के उद्देश्य से बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की ओर से ‘ज़िद्दी दिल शो’ अवॉर्ड समारोह का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे स्टर्लिंग अरावली उदयपुर में किया जाएगा। जे.एच.डब्ल्यू. एसोसिएट पार्टनर और स्टर्लिंग अरावली उदयपुर हॉस्पिटैलिटी पार्टनर के रूप में इस आयोजन से जुड़े हैं।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि ‘ज़िद्दी दिल शो’ ऐसे लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को मंच प्रदान करेगा, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा बनाए रखा।
बिजनेस, हेल्थकेयर, आर्ट्स, सोशल इम्पैक्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान उनकी उपलब्धियों के साथ संघर्ष से सफलता तक के सफर को भी सामने लाया जाएगा।
‘ज़िद्दी दिल’ की फाउंडर हीना पथिक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को पहचान और सम्मान देना है, जिन्होंने चुनौतियों को अपनी राह की बाधा नहीं बनने दिया। हर व्यक्ति के भीतर कुछ कर गुजरने की जिद होती है और जब यह जिद मेहनत व जुनून के साथ आगे बढ़ती है, तो प्रेरणादायक सफलता की कहानी बनती है। ‘ज़िद्दी दिल शो’ इसी भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास है।
जे.एच.डब्ल्यू. के फाउंडर हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की उपलब्धियों और संघर्ष की कहानियों को सामने लाया जाएगा। जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस का उद्देश्य आम लोगों, इंश्योरेंस और मेडिकल फ्रेटर्निटी के बीच की दूरी को कम करना तथा स्वास्थ्य एवं मेडिकल अवेयरनेस को बढ़ावा देना है।
मुकेश माधवानी ने कहा कि बीसीआई का उद्देश्य केवल बिजनेस नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाकर संवाद, सहयोग और नए अवसरों को बढ़ावा देना भी है। संगठन लगातार सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, शिक्षा और समाजोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से समाज के लिए सकारात्मक पहल करने का प्रयास करता है।
स्टर्लिंग अरावली उदयपुर के जनरल मैनेजर रविन्द्र महेन्द्र ने बताया कि आयोजन के लिए रिसॉर्ट की ओर से हॉस्पिटैलिटी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अरावली की पहाड़ियों के खूबसूरत नजारों के बीच स्थित यह रिसॉर्ट लगभग 2.5 एकड़ क्षेत्र में फैला है। यहां के बैंक्वेट हॉल और 40,000 वर्गफीट में फैला पीकॉक लॉन विभिन्न सामाजिक, कॉर्पोरेट एवं विशेष आयोजनों के लिए उपयुक्त सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बिजनेस लीडर्स, प्रोफेशनल्स और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल होंगे। ‘ज़िद्दी दिल शो’ के माध्यम से उन वास्तविक नायकों की कहानियों को पहचान मिलेगी, जिनकी मेहनत, हौसले और संघर्ष से समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
