मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 11 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

घोषित हुए एफएमजीई अक्टूबर-2026 परीक्षा के परिणाम, 22.87 प्रतिशत रहा सफलता प्रतिशत

कुल 40,923 परीक्षार्थियों में से 9,354 हुए सफल, 30 अभ्यर्थियों के परिणाम रोके गए।

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज ने एफएमजीई (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन) अक्टूबर-2026 परीक्षा का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया। परीक्षा में कुल 40923 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 9354 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इस प्रकार परीक्षा का कुल सफलता प्रतिशत 22.87 प्रतिशत रहा।

करियर काउंसलर विकास छाजेड़ ने बताया कि यह परीक्षा पूर्व में वर्ष में दो बार आयोजित होती थी, लेकिन इस वर्ष से इसे वर्ष में तीन बार आयोजित करने की व्यवस्था प्रारंभ की गई है।

31 अक्टूबर को पहली बार अक्टूबर सत्र में इस परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 1190 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 30 अभ्यर्थियों के परिणाम फेस आईडी अथवा दस्तावेजों के सत्यापन संबंधी प्रक्रिया लंबित होने के कारण रोक दिए गए हैं।

परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए 300 में से न्यूनतम 150 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। वहीं, 5365 अभ्यर्थी का स्कोर 140 से 149 अंक के बीच था, जो कि निर्धारित उत्तीर्णांक से 10 या उससे कम अंक थे इस कारण वे सफल नहीं हो सके।

एनबीईएमएस ने तकनीकी रूप से गलत पाए गए प्रश्नों के लिए सभी उपस्थित अभ्यर्थियों को अंक प्रदान किए हैं। जिन प्रश्नों के दो सही उत्तर स्वीकार किए गए, उनमें किसी भी एक मान्य विकल्प को चुनने वाले अभ्यर्थियों को अंक दिए गए हैं।

विकास छाजेड़ ने बताया कि अभ्यर्थी अपने व्यक्तिगत स्कोर कार्ड 20 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड कर सकेंगे। स्कोर कार्ड जारी होने की तिथि से छह माह तक उपलब्ध रहेंगे। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को एफएमजीई पास प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए व्यक्तिगत रूप से पहचान एवं दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा। केवल ऑनलाइन स्कोर कार्ड के आधार पर राज्य मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण नहीं करवाया जा सकेगा।

उल्लेखनीय है कि एफएमजीई परीक्षा के माध्यम से विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को भारत में डॉक्टर बनने की पात्रता प्रदान की जाती है।

अभ्यर्थी परीक्षा का परिणाम एवं संबंधित सूचना एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर देख सकते हैं।