उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के बीसीआई युवा चैप्टर की ओर से 13 नवंबर, शुक्रवार को उदयपुर में राजस्थान का सबसे बड़ा ब्लॉकचेन एजुकेशन सेशन आयोजित किया जाएगा।
यह विशेष शैक्षणिक सत्र सुबह 11 बजे अशोका पैलेस 100 फीट रोड, शोभागपुरा स्थित मधुश्री हॉल में आयोजित होगा।
इसमें बीसीआई युवा के सदस्य तेजेन्द्र साहू प्रतिभागियों को तेजी से विकसित हो रही ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और डिजिटल फाइनेंस की दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि वर्तमान समय में टेक्नोलॉजी और डिजिटल इकोनॉमी तेजी से बदल रही है। ऐसे में युवाओं, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए नई तकनीकों को समझना बेहद जरूरी है। बीसीआई का उद्देश्य बिजनेस नेटवर्किंग के साथ-साथ ज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक से जुड़े अवसरों को भी बढ़ावा देना है। इसी दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
बीसीआई युवा की प्रेसिडेंट मीनाक्षी पालीवाल ने बताया कि इस सेशन का उद्देश्य युवाओं को ब्लॉकचेन और क्रिप्टोकरेंसी जैसे आधुनिक विषयों की बुनियादी एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाना है। कार्यक्रम में मनी के विकास का सफर, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी, क्रिप्टोकरेंसी की मूलभूत जानकारी, इसके वास्तविक जीवन में उपयोग और फाइनेंस के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के होस्ट एवं तेज एक्स क्रिप्टो एक्सचेंज के फाउंडर एवं सीईओ तेजेंद्र साहू ने बताया कि सेशन में ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया जाएगा।
प्रतिभागियों को बताया जाएगा कि ब्लॉकचेन कैसे काम करता है, विभिन्न क्षेत्रों में इसका किस प्रकार उपयोग हो रहा है और आने वाले समय में यह फाइनेंशियल सिस्टम को किस तरह प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और टेक्नोलॉजी में रुचि रखने वाले सभी लोगों से इस विशेष एजुकेशन सेशन में भाग लेने का आह्वान किया है।
