मुख्य सामग्री पर जाएँ
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

ट्यूबवेल से दूर हुई आशाधाम की पेयजल समस्या, बेसहारा आश्रमवासियों के चेहरे खिले

-एडवोकेट निर्मल कुमार पंडित ने कराई ट्यूबवेल खुदाई, मोटर लगवाई और चलाया वृक्षारोपण अभियान

WAf𝕏TGin✉🖨
ट्यूबवेल से दूर हुई आशाधाम की पेयजल समस्या, बेसहारा आश्रमवासियों के चेहरे खिले

उदयपुर। बड़ा हवाला स्थित आशाधाम आश्रम में पिछले कई दिनों से बनी हुई पेयजल की समस्या का गुरुवार को स्थायी समाधान हो गया। समाजसेवी एवं एडवोकेट निर्मल कुमार पंडित के सहयोग से आश्रम परिसर में ट्यूबवेल की खुदाई कराई गई। जैसे ही ट्यूबवेल से मीठे पानी की तेज धार निकली, आश्रम में रह रहे विमंदित एवं बेसहारा लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई देने लगी।

गौरतलब है कि आशाधाम आश्रम को कुछ माह पूर्व बड़ा हवाला स्थित नए परिसर में स्थानांतरित किया गया था। यहां बड़ी संख्या में विमंदित एवं निराश्रित लोगों को भी शिफ्ट किया गया, लेकिन पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने से आश्रम संचालन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। आश्रम की सिस्टर द्वारा इस समस्या से अवगत कराने पर एडवोकेट निर्मल कुमार पंडित ने तत्काल ट्यूबवेल खुदवाने का निर्णय लिया।

ट्यूबवेल से पर्याप्त मात्रा में मीठा पानी मिलने के साथ ही पंडित ने पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मोटर भी लगवाई, जिससे भविष्य में आश्रमवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर आश्रम परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। भीलवाड़ा से विशेष रूप से मंगवाए गए सात से आठ फीट ऊंचाई वाले बड़े पौधों का रोपण किया गया, जिससे आने वाले वर्षों में आश्रम परिसर हरियाली से आच्छादित होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

आशाधाम की सिस्टर डेनिसा व सिस्टर असिटा ने एडवोकेट निर्मल कुमार पंडित के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील समाजसेवियों के सहयोग से ही विमंदित एवं बेसहारा लोगों का जीवन बेहतर बन पाता है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे सेवाभावी लोगों की सदैव आवश्यकता है।

एडवोकेट निर्मल कुमार पंडित ने कहा कि किसी जरूरतमंद के जीवन की मूलभूत समस्या का समाधान करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि पेयजल की व्यवस्था होने से आश्रमवासियों को राहत मिलेगी और वृक्षारोपण का लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि परोपकार ही जीवन की सबसे बड़ी दौलत है।

उल्लेखनीय है कि एडवोकेट निर्मल कुमार पंडित लंबे समय से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जनसेवा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने तारा संस्थान, टीबी अस्पताल, अपना घर आश्रम सहित अनेक संस्थाओं में समय-समय पर सहयोग प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त देहलीगेट स्थित हठीला हनुमान मंदिर के बाहर भी उन्होंने राहगीरों के लिए स्थायी पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को स्वच्छ पेयजल का लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर आशाधाम आश्रम के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।