मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 16 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

जनकल्याण की नई मिसाल बने सेवा शिविर

कैबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने किया निरीक्षण, लाभ वितरण हजारों लोगों को मिला त्वरित लाभ

WAf𝕏TGin🖨
जनकल्याण की नई मिसाल बने सेवा शिविर

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिला कलक्टर के नेतृत्व में जिलेभर में संचालित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राहत और समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर रहे हैं, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने गुरूवार को झाडोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत कितावतों का वास में आयोजित शिविर का निरीक्षण करते हुए लाभ वितरण किया।

अभियान के तहत गुरूवार को जिले की ग्राम पंचायत खजूरी, वल्ली, कडिया, गुडली, तुलसीदास की सराय, मजावड़ा, कुंथवास, पीथलपुरा, मादा, चित्रावास, पालीदाणा, ओड़ा, कितावतों का वास, डैया, कवेल, खाण्डी ओबरी, सरेरा, कल्याणपुरा, श्यामपुरा, पावटी कलां, लोहारचा एवं डांग में शिविर आयोजित हुए।

वहीं नगर निकायों और युडीए में भी शिविर संचालित हो रहे हैं।

शिविरों में राजस्व, पंचायतीराज, नगर निकाय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जलदाय, कृषि, पशुपालन, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों द्वारा समन्वित रूप से सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ लंबित प्रकरणों का निस्तारण, आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी करना, पेंशन स्वीकृति, नामांतरण, सीमांकन, पट्टा वितरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, पेयजल एवं विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान सहित अनेक कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।

मंत्री ने वितरित किए पेंशन स्वीकृति आदेश केबिनेट मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी गुरूवार को कितावतों का वास ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचे।

यहां उन्होंने आमजन को सजग रहते हुए शिविर में लाभान्वित होने का आह्वान किया। इस दौरान रकमी बाई पत्नी बसुमल को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किया।

इसी प्रकार रघुनाथसिंह, मंगलसिंह एवं पुष्पा कुंवर को भी पीपीओ प्रदान किए गए। शिविर के दौरान भूरा पुत्र हिमा तथा हिमा पुत्र थावरा की काफी समय से बंद पड़ी पेंशन को भी हाथों हाथ तकनीकी कमियां दूर करते हुए प्रारंभ किया गया।

इससे लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।

उधर, गोगुन्दा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चित्रावास में ग्रामीण सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। साकरिया निवासी चमना राम पिता भूरा राम ने अधिकारियों को अपनी परिवेदना सौंपी।

उन्होंने बताया कि पिछले 6 महीनों से उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद थी, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जिला स्तरीय प्रभारी अधिकारी संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता गिरीश भटनागर, के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कनिष्ठ लेखाकार राजवीर सिंह राणावत ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही चमना राम की पेंशन को पुनः शुरू किया और उनका वार्षिक सत्यापन भी पूरा किया।

शुक्रवार को यहां होंगे शिविर शुक्रवार को बारापाल तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरपुरा, टीडी, कुराबड़ में कुराबड़, बड़गांव में सरे, घासा में खेमली, विजनवास, वल्लभनगर में गुपड़ी, भीण्डर में केदारिया, कानोड़ में मोतीदा, गोगुन्दा में मजावड़ी, सायरा में झालों का कलवाणा, ब्राह्मणों का कलवाणा, झाडोल में नैनबारा, जेकड़ा, फलासिया में अंबासा, खेरवाड़ा में सुंदरा, नयागांव में महुवाल, ऋषभदेव में कटेव, रजोल तथा कोटड़ा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाथरपाड़ी, महाड़ी व मामेर में शिविर होंगे।