मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 17 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Shri Ganga NagarNews

बात समझने व समझाने की कला विकसित करें विद्यार्थी : डॉ. शिव कटारिया

करियर डे पर छात्राओं को वक्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसरों की दी जानकारी

WAf𝕏TGin🖨
बात समझने व समझाने की कला विकसित करें विद्यार्थी : डॉ. शिव कटारिया

- श्रीगंगानगर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेतेवाला में गुरुवार को ‘‘करियर डे’’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. शिव कटारिया ने छात्राओं का आह्वान किया कि वे दूसरों को अपनी बात समझाने एवं उनके द्वारा कही गई बात को ठीक से समझने की कला विकसित करें। उन्होंने कहा कि सही संवाद से हम जीवन में बिना बाधा के बहुत से अवसरों पर सफलता अर्जित कर सकते हैं।

डॉ. कटारिया ने छात्राओं को समझाया कि प्रत्येक इंसान की जिंदगी में विद्यार्थी जीवन सिर्फ एक बार ही आता है, दो या चार बार नहीं।

उन्होंने समय के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समय रहते ये तय कर लें कि आपको क्या करना है, वरना समय ये तय कर लेगा कि आपका क्या करना है। डॉ. कटारिया ने विद्यार्थियों को समझाया कि हमारा जीवन भी समय से ही बना है और समय ही इसे नष्ट कर सकता है।

अतः जीवन से प्यार है तो समय से भी प्यार करना सीखें। मुख्य वक्ता ने छात्राओं को पत्रकारिता एवं जनसंचार से जुड़े विभिन्न करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।

इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने मेडिकल सेवा में करियर के अवसरों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। इसी क्रम में श्री सुरेश ताखर ने कृषि एवं जैविक खेती के बारे में तथा श्री सोहन भाटी ने सेना के माध्यम से देश सेवा के करियर प्रावधानों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर भूपेंद्र ताखर के परिवार की वरिष्ठ सदस्या, उनकी माताजी श्रीमती रामप्यारी ने कक्षा एक से आठ तक की छात्राओं को स्वैटर भेंट किये। समाजसेवी श्री सोहन भाटी ने जरूरतमंद बच्चों को विद्यालय पोशाक भेंट करने की घोषणा की।

करियर डे कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुमन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला तथा वक्ताओं की बातों को आत्मसात करने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जिला परिषद् की सदस्या श्रीमती रीटा पारीक सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती सरिता उप प्राचार्य ने किया।

अंत में सभी को सम्मान प्रतीक भेंट किए गए