बाँसवाड़ा | आगामी 18 से 20 अप्रेल तक शहर के सिंहवाव स्थित श्री कपिल गणेश एवं श्री केदारेश्वर महादेव मन्दिर के पुनर्प्रतिष्ठा महोत्सव में अन्य देव-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना के साथ ही वैदिक विधि-विधान और धर्मशास्त्रीय परम्पराओं के अनुरूप नौ कुण्डीय यज्ञार्चन महानुष्ठान भी होगा। इस विशाल समारोह को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं।
श्री कपिल-केदारेश्वर मन्दिर विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष सुभाष त्रिवेदी एवं सचिव अनन्त जोशी ने तीन दिवसीय महोत्सव की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 18 अप्रेल, शुक्रवार को प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारम्भ होने से पहले 17 अप्रैल, गुरुवार की शाम को प्रायश्चित कर्म के अंतर्गत हेमाद्रि स्नान व इसके बाद भजन संध्या का आयोजन होगा।
18 अप्रेल, शुक्रवार को प्रातः 8 बजे विनायक स्तवन एवं पूजन-अर्चन से कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत होगी। इसके उपरान्त दिन भर ग्रह शान्ति, मातृका पूजन, पुण्याहवाचन, मण्डप प्रवेश, गणेश याग, कुटीर होम आदि अनुष्ठान होंगे तथा शाम 6 बजे से विधान के अनुसार देव प्रतिमाओं की नगर यात्रा प्रारम्भ होगी।
महोत्सव के अगले दिन 19 अप्रेल, शनिवार को प्रातः 8 बजे द्वितीय दिवसकालीन अनुष्ठान आरंभ होंगे। इसके अन्तर्गत स्थापित देवताओं का पूजन, शिव याग, देव प्रतिमाओं का अधिवास, दिक्षु होम, प्रासाद वास्तु, तत्त्व न्यास, शैय्याधिवास विधान निर्धारित हैं।
महोत्सव के अंतिम दिन 20 अप्रेल, रविवार को प्रातः 7 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। प्रातः 8 बजे धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम आरंभ होगा। इसमें स्थापित देवताओं के पूजन-अर्चन के उपरान्त शान्ति-पौष्टिक हवन, मूर्ति प्रतिष्ठा, शिखर प्रतिष्ठा अनुष्ठान होंगे। मध्याह्न 12 बजे यज्ञ पूर्णाहुति एवं महाआरती होगी तथा दोपहर 1 बजे से महाप्रसादी का आयोजन आरंभ होगा।
तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव पं. पंकज पण्ड्या एवं पं. भावेश पण्ड्या के प्रधान आचार्यत्व में होगा। पं. यज्ञनारायण पण्ड्या प्रतिष्ठा आचार्य तथा पं. कमलकांत पण्ड्या, पं. प्रदीप भट्ट एवं पं. गिरीश जोशी इसमें उपाचार्य रहेंगे।
प्रतिष्ठा और यज्ञार्चन समूह
प्रतिष्ठा अनुष्ठान एवं नौ कुण्डीय यज्ञकर्म के मुख्य यजमान बांसवाड़ा नगर परिषद के निवर्तमान सभापति श्री जैनेन्द्र त्रिवेदी हैं जबकि देव विग्रह प्रतिष्ठा एवं यज्ञार्चन यजमानों में श्री केदारेवर महादेव लिंग व जलाधारी प्रतिष्ठा के लिए श्रीमती महादेवी-श्री देवकीनन्दन जोशी, श्री शीतला माता विग्रह के लिए श्रीमती प्रज्ञा-श्री अनन्त जोशी, पार्वती देवी एवं श्री गणेश विग्रह के लिए पंडया परिवार, श्री हनुमान विग्रह के लिए श्रीमती पुष्पा भूपेन्द्रनाथ भट्ट, श्री नंदी महाराज के लिए श्रीमती विमला एवं श्री अमृत सनाढ्य, श्री रिद्धि-सिद्धि विग्रह के लिए श्रीमती संतोष एवं श्री सुभाष त्रिवेदी और श्री शिखर कलश व ध्वज दंड प्रतिष्ठा के लिए श्रीमती स्वाति एवं श्री शरद व्यास, श्रीमती रिया एवं श्री वार्तिक जोशी, श्रीमती चारवी एवं श्री अचल भट्ट यजमान के रूप में शामिल हैं।
तैयारियों का अवलोकन
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार शाम श्री कपिल-केदारेश्वर मन्दिर विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का अवलोकन किया और तीन दिवसीय महोत्सव के धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान् ट्रस्ट के अध्यक्ष सुभाष त्रिवेदी, सचिव अनन्त जोशी एवं कोषाध्यक्ष अरविन्द पाठक के साथ ही सुभाष भट्ट, मनीष पाठक, विजय शर्मा, शैलेन्द्र व्यास, राजेश जोशी, बाबूलाल राठौर, दीपेश पण्ड्या आदि उपस्थित थे।