सोगरिया तालाब अतिक्रमण पर रोष, धरने की चेतावनी

( 675 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 Feb, 25 06:02

सोगरिया तालाब अतिक्रमण पर रोष, धरने की चेतावनी

के.डी. अब्बासी

कोटा। तालाब बचाओ संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोज दुबे ने सोगरिया तालाब पर हो रहे अवैध अतिक्रमण और भराव को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध अतिक्रमण नहीं रोका गया, तो जिला कलेक्टर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

मनोज दुबे ने कहा कि कोटा नगर निगम लिखी ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोगरिया तालाब में मिट्टी डालकर भराव किया गया, जो पूरी तरह से नियम विरुद्ध है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर निगम अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए जिम्मेदार है, तो सोगरिया तालाब में खुद नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध भराव क्यों किया जा रहा है?

तालाब बचाने के आंदोलन के पहले चरण में 21 फरवरी को तालाब बचाओ संघर्ष समिति द्वारा रैली निकालकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था।

मनोज दुबे ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं की नजर सोगरिया तालाब पर है और इसी साजिश के तहत तालाब को लगातार अतिक्रमण कर भराव किया जा रहा है। यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा और नगर निगम कोटा के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.