22 साल बाद मिला बिछड़ा भाई, परिवार में खुशी

( 956 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Feb, 25 04:02

22 साल बाद मिला बिछड़ा भाई, परिवार में खुशी

(mohsina bano)

उदयपुर बड़ी सरेड़ी, बांसवाड़ा से 22 साल पहले गुजरात मजदूरी करने गए कांति भामोत के लापता होने के बाद परिवार ने उन्हें हर जगह खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच माता-पिता का भी निधन हो गया, लेकिन परिवार को हमेशा विश्वास था कि कांति एक दिन लौटेगा।

अपना घर आश्रम, उदयपुर के सचिव गोपाल कनेरिया ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने 15 अक्टूबर 2024 को बांसवाड़ा से आश्रयहीन अवस्था में कांति को रेस्क्यू कर उपचार एवं पुनर्वास के लिए आश्रम में भर्ती किया। उस समय वह अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके।

आश्रम प्रभारी सुल्तान सिंह ने बताया कि निरंतर सेवा और चिकित्सा से उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ। काउंसलिंग के दौरान उन्होंने अपना गांव बड़ी सरेड़ी, बांसवाड़ा बताया। गूगल सर्च और सरपंच की मदद से उनकी जानकारी गांव में फैलाई गई। परिजनों ने यह सूचना पाकर वीडियो कॉल पर पुष्टि की, जिससे पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

5 फरवरी 2025 को उनकी बहन कटली डामोर, भाभी इटली, भतीजा प्रकाश भामोत और गांव के अन्य लोग उन्हें लेने अपना घर आश्रम पहुंचे। बहन कटली ने भावुक होकर कहा, "22 साल बाद मैं अपने भाई को राखी बांधूंगी।" भाभी इटली भी देवर को देखकर बेहद खुश हुईं।

आश्रम की आवश्यक औपचारिकताओं के बाद, सचिव गोपाल कनेरिया ने कांति प्रभुजी को तिलक कर, उपरणा ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक परिवार के साथ गांव विदा किया। इस अवसर पर अशोक कोठारी, सुल्तान सिंह, उदयसिंह, आकाश कुमार, सुखदेव सहित कई सेवाभावी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.