वनेश्वर महादेव मन्दिर परिसर में शिव-शक्ति महानुष्ठान जारी

( 1003 बार पढ़ी गयी)
Published on : 31 Aug, 24 07:08

रूद्रार्चन में उमड़ा साधकों और श्रृद्धालुओं का शैवभक्ति ज्वार

वनेश्वर महादेव मन्दिर परिसर में शिव-शक्ति महानुष्ठान जारी

बांसवाड़ा,छह दशकों से शैव पूजा और परम्पराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख धार्मिक संस्था ‘वनेश्वर प्रदोष मण्डल’ के 61 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में श्री वनेश्वर महादेव मन्दिर परिसर में चल रहे छह दिवसीय वार्षिक शिव-शक्ति महानुष्ठान में शुक्रवार सायं विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्राच्यविद्याओं के संरक्षण-संवर्धन के लिए वनेश्वर प्रदोष मण्डल के अध्यक्ष एवं प्रमुख यजमान पं. अक्षयकुमार पण्ड्या तथा अतिरूद्र अनुष्ठान के प्रधान आचार्य ब्रह्मर्षि पं. हर्षवर्धन व्यास का सम्मान-अभिनन्दन किया गया।

उल्लेखनीय है कि छह दिवसीय महारूद्र एवं महाशक्ति अनुष्ठान के साथ ही वनेश्वर शिवालय परिसर में पंचम अतिरूद्र अनुष्ठान भी चल रहा है।

विन्ध्यवासिनी अष्टमी मण्डल के ललितकुमार आचार्य एवं मण्डल के पूजनाचार्य पं. प्रदीप मुरलीधर भट्ट ने पुष्पहार पहना कर एवं शॉल ओढ़ाकर पं. अक्षयकुमार पण्ड्या एवं पं. हर्षवर्धन व्यास का सम्मान अभिनन्दन किया।

अभिनन्दन कार्यक्रम में सुभाष भट्ट, सुशील त्रिवेदी, मनोज रावल, गोविन्द जोशी, गोपाल जोशी, ईश्वरदास वैष्णव, भरत व्यास, अरविन्द पाठक, नरहरिकान्त भट्ट, गिरीश जोशी, भावेश पण्ड्या आदि पण्डितों ने मंगल स्वस्तिवाचन मंत्रों एवं आशीर्वाद ऋचाओं का गायन किया।

कार्यक्रम का संचालन भावेश पण्ड्या तथा आभार प्रदर्शन भरत व्यास ने किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.