भाजपा ने राजस्थान को छोड़ राज्यसभा के 14 प्रत्याशियों की सूची जारी की

( 2271 बार पढ़ी गयी)
Published on : 12 Feb, 24 04:02

गोपेंद्र नाथ भट्ट

भाजपा ने राजस्थान को छोड़ राज्यसभा के 14 प्रत्याशियों की सूची जारी की

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने देश के 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों के लिए 27 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए रविवार को सात राज्यों के लिए 14 प्रत्याशियों की सूची जारी की।

 इस सूची में उत्तर प्रदेश से पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सुधांशु त्रिवेदी और उत्तराखंड से पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नाम शामिल हैं। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कुर्मी समुदाय से आने वाले आरपीएन सिंह भाजपा में आने से पहले कांग्रेस में थे।

सूची में राजस्थान से चुनाव लड़ने वाले किसी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नही की गई हैं। राजस्थान से राज्य सभा की तीन सीटें रिक्त होने वाली हैं। राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है।

भाजपा केंद्रीय संगठन महामंत्री अरुण सिंह ने रविवार को उत्तर प्रदेश बिहार समेत कई राज्यों में अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। बिहार से धर्मशीला गुप्ता और डॉ भीम सिंह, पश्चिम बंगाल से सामिक भट्टाचार्य तथा हरियाणा से पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला को प्रत्याशी बनाया गया है। 

*लिस्ट में नहीं केंद्रीय मन्त्रियों के नाम*

सूची में ऐसे किसी भी केंद्रीय मंत्री का नाम शामिल नहीं है जिसका राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, लिहाजा इस बात की मजबूत संभावना जताई जा रही है कि राजू सभा कोटे से मंत्री बने कई केंद्रीय मंत्री इस बार लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। हालांकि पार्टी को अभी भी कई प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करनी है।

राज्यसभा में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी का नाम भी सूची में नहीं है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी दोनों को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बना सकती है।

बिहार के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का नाम भी सूची में शामिल नहीं है। बिहार में राज्यसभा के लिए छह रिक्तियां हैं और सत्तारूढ़ राजग एवं विपक्षी दल अपने संख्या बल के आधार पर तीन-तीन सीटें जीत सकते हैं। एक सीट पर भाजपा के सहयोगी दल जदयू द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने की संभावना है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.