मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 17 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

राजस्थान विधानसभा देश में बन रही है उत्कृष्टता का उदाहरण - देवनानी

राजस्थान विधानसभा की स्थापना के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव के अंतर्गत महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे-विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी

WAf𝕏TGin🖨
राजस्थान विधानसभा देश में बन रही है उत्कृष्टता का उदाहरण - देवनानी

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि राजस्थान विधानसभा की स्थापना के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव के अंतर्गत महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा इसका पहला आयोजन पन्द्रह जुलाई को होगा जिसमें पहली विधानसभा 1952 से अब तक के  सभी विधायकों का समागम होगा ।

स्पीकर देवनानी मंगलवार को सायं राजस्थान विधानसभा में उप सचिव श्री बहादुर सिंह मीणा एवं जमादार श्री नारायण लाल धोबी के विदाई समारोह को संबोधित कर रहें थे । इस अवसर पर देवनानी ने सेवानिवृत्त कार्मिकों को साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएँ व्यक्त की।

विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा अपनी उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, अनुशासन और नवाचारों के कारण देश की अन्य विधानसभाओं के लिए एक उदाहरण बन रही है। राजस्थान विधानसभा अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण करने जा रही है, जिसके उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे अमृत महोत्सव के अंतर्गत चार बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय, टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करते हुए इन कार्यक्रमों को सफल बनाएं तथा राजस्थान विधानसभा की गरिमा और प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अपना योगदान दें।


श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा ध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद निर्धारित समय पर अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्‍नति‍ का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता रही है और इस क्रम में 122 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्‍नति‍ का लाभ प्रदान किया गया है।उन्होंने कहा कि पदोन्नतियाँ समय पर होना प्रत्येक कार्मिक का अधिकार है लेकिन पदोन्नति के साथ उस पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की क्षमता और कार्यकुशलता विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे जिस पद पर कार्यरत हैं, उसके साथ-साथ उच्च पद के कार्यों को भी सीखें और उन्हें दक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ संभालने के लिए स्वयं को सदैव तैयार रखें। यही कार्यसंस्कृति व्यक्ति के साथ-साथ संस्था की प्रतिष्ठा को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाती है।

समारोह में राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक  के. के. शर्मा, वरिष्ठ उप सचिव संजीव कुमार शर्मा और राजस्‍थान विधान सभा कर्मचारी सहकारी साख समिति के अध्‍यक्ष रवि जैन सहित विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।