उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के संघटक कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (सीटीएई) के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग में एक दिवसीय
रोबोफूरी-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न अभियांत्रिकी विभागों की कुल 26 टीमों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक टीम में पांच प्रतिभागी शामिल थे। विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रांगण में तैयार किए गए रोबो-ट्रैक पर अपनी डिजाइन की हुई रोबो कारों के माध्यम से विभिन्न बाधाओं को पार करते हुए न्यूनतम समय में लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान “रोबो रेंजर टीम” ने प्राप्त किया, जिसकी टीम लीडर बुशरा शेख रहीं। द्वितीय स्थान “द बाइट बस्टर टीम” ने प्राप्त किया, जिसके टीम लीडर मानस लाहोटी रहे। वहीं तृतीय स्थान “प्रांशु टार्क टीम” ने प्राप्त किया, जिसके टीम लीडर प्रांशु सुवाल्हाका रहे। निर्णायक मंडल द्वारा “बेस्ट रोबो कार डिजाइन” का पुरस्कार “सर्किट हंटर्स टीम” को प्रदान किया गया, जिसके टीम लीडर रितेश रहे।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः ₹5,100, ₹2,100 एवं ₹1,100 की नगद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. सुरीति गुप्ता, डॉ. नितिन कोठारी, डॉ. कमलेश तिवारी एवं डॉ. अंकिता बापना शामिल रहे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. विनोद कुमार यादव, कॉलेज अधिष्ठाता; डॉ. नवनीत अग्रवाल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष; तथा डॉ. विवेक मीना, सहायक-अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) द्वारा वायरलेस रिमोट के माध्यम से CORE एवं रोबोफूरी-2026 के पोस्टर का अनावरण कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. यादव ने सभी प्रतिभागी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
यह प्रतियोगिता कॉलेज अधिष्ठाता के सौजन्य तथा सनराइज इंटरप्राइजेज, उदयपुर; प्रियंका अर्जुन एंड एसोसिएट; यूनि-मेट रोबो क्लब के सहयोग एवं प्रायोजन से आयोजित की गई। श्री अनूप कुमार जम्बानी एवं श्री सौरभ गुर्जर ने भी प्रायोजन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में श्री दिलीप धूपिया ने की-नोट संबोधन दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. नवनीत अग्रवाल, विभागाध्यक्ष, ने CORE टीम द्वारा आयोजित प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रमीय ज्ञान एवं कौशल को इंडस्ट्री-रेडी मॉडल में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि पूरे महाविद्यालय से 150 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता CORE टीम की मेहनत एवं आयोजन की सफलता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. गौरव वसीठा (फैकल्टी कोऑर्डिनेटर–CORE), निमेश आमेटा (स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर–CORE), यशवंत शिशोदिया एवं जय कृष्ण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग, का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
