उदयपुर। कुछ मुलाकातें जिंदगी में ऐसी होती हैं, जो समय बीतने के साथ और भी खास बन जाती हैं।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से उदयपुर एयरपोर्ट पर हुई एक मुलाकात मेरे जीवन का ऐसा ही सुनहरा पल है, जिसे आज भी याद करता हूं तो चेहरे पर मुस्कान आ जाती है।उदयपुर में फिल्म ‘एकलव्य’ की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन जी से एयरपोर्ट पर मिलने का सौभाग्य मिला।
उस दिन एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए काफी लोग मौजूद थे। सभी अपने-अपने अंदाज में महानायक का स्वागत करने पहुंचे थे, लेकिन मैं खाली हाथ था।
तभी मेरी नजर एयरपोर्ट के पास स्थित एक स्टोर पर पड़ी, जहां से मैंने तुरंत कैडबरी डेयरी मिल्क की एक बड़ी चॉकलेट खरीदी और अमिताभ बच्चन जी के स्वागत के लिए पहुंच गया।जैसे ही अमिताभ बच्चन जी एयरपोर्ट से बाहर आए, मैंने उनका अभिवादन करते हुए उन्हें झीलों की नगरी उदयपुर में स्वागत कहा और मुस्कुराते हुए बोल पड़ा— “सर, कुछ मीठा हो जाए!”मेरी यह छोटी-सी पेशकश अमिताभ बच्चन जी ने बड़े प्यार और स्नेह के साथ स्वीकार की।
उन्होंने जिस सहजता और आत्मीयता से चॉकलेट ली और मुझे स्नेह दिया, वह मेरे लिए किसी अनमोल याद से कम नहीं था।
उस पल मुझे महसूस हुआ कि किसी महान व्यक्तित्व की महानता उसके कद के साथ-साथ उसके व्यवहार और लोगों के प्रति अपनत्व में भी झलकती है।इसके बाद बातचीत के दौरान मैंने उन्हें उदयपुर की खूबसूरती, यहां की झीलों और शहर की खासियत के बारे में बताया।
अमिताभ बच्चन जी इससे पहले भी फिल्म ‘ख़ुदा गवाह ’ की शूटिंग के सिलसिले में उदयपुर आ चुके थे। उन्होंने भी झीलों की नगरी की खूबसूरती और यहां के लोगों की आत्मीयता की सराहना की।
उनके शब्दों और बातचीत से शहर के प्रति उनका जुड़ाव महसूस हुआ।इस मुलाकात के बाद फिल्म ‘एकलव्य’ में लगभग पांच से सात दिन तक उनके साथ काम करने का अवसर भी मिला।
इतने बड़े कलाकार के साथ काम करना और उन्हें करीब से देखना मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा।
बाद में जब अमिताभ बच्चन जी उदयपुर में एक ज्वेलरी स्टोर के उद्घाटन के लिए आए, तब उनसे दोबारा मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और पुरानी यादें फिर ताजा हो गईं।आज भी एयरपोर्ट पर हुई वह पहली मुलाकात मेरे लिए बेहद खास है।
उस दिन न कोई बड़ा उपहार था, न कोई विशेष तैयारी—बस दिल से किया गया स्वागत, एक छोटी-सी चॉकलेट और अपने शहर के प्रति अपनापन। अमिताभ बच्चन जी के साथ जुड़ा वह पल मेरे जीवन की खूबसूरत यादों में हमेशा जीवंत रहेगा।
